कल्याण फाउंडेशन ऑफ इंडिया और वंदे मातरम टीम ने किया 92 वर्षीय शिवकिशन मुंधड़ा का ‘शतायु सम्मान’
कल्याण फाउंडेशन ऑफ इंडिया और वंदे मातरम टीम ने किया 92 वर्षीय शिवकिशन मुंधड़ा का 'शतायु सम्मान'


बीकानेर, 29 मई। सामाजिक सरोकारों में अग्रणी भूमिका निभाने वाली संस्था ‘कल्याण फाउंडेशन ऑफ इंडिया’ और ‘वंदे मातरम टीम’ के संयुक्त तत्वावधान में सम्मान और संस्कार की एक अनूठी मिसाल पेश की गई। संस्थाओं ने मिलकर समाज के वरिष्ठ सदस्य 92 वर्षीय श्री शिवकिशन जी मुंधड़ा का उनके निवास स्थान पर पहुंचकर भव्य ‘शतायु सम्मान’ किया।


बुजुर्गों के अनुभव से मिलता है व्यावहारिक ज्ञान
सम्मान समारोह के अवसर पर कल्याण फाउंडेशन की निदेशक कामिनी विमल भोजक मैया ने बुजुर्गों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जब हमें अपने बुजुर्गों से कुछ सीखने का अवसर मिलता है, तो जीवन अत्यंत सुखद और सरल हो जाता है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “शिवकिशन जी जैसे वरिष्ठ नागरिक हमारा गौरव हैं। आज इनका सम्मान करना स्वयं हमारे लिए गर्व और सौभाग्य का पल है।”


श्रीमती मैया ने आगे कहा कि केवल किताबी शिक्षा से समाज पूर्ण नहीं होता। यदि समाज शिक्षित होने के साथ-साथ बुजुर्गों के व्यावहारिक ज्ञान से लबरेज हो, तो उसे चहुंमुखी संपन्नता हासिल करने से कोई नहीं रोक सकता। यह व्यावहारिक ज्ञान हमें केवल और केवल बुजुर्गों के अनुभवों की पाठशाला से ही प्राप्त हो सकता है।
टीम ने लिया आशीर्वाद
मुंधड़ा जी के निवास पर आयोजित इस आत्मीय कार्यक्रम में उपस्थित सदस्यों ने उनके स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की। इस दौरान भगवती प्रसाद गौड़, सपना तिवाड़ी, कुणाल छींपा, जसोदा खत्री, विजयलक्ष्मी, सुमित्रा सेन, खुश भोजक, जितेंद्र भोजक और निशा शर्मा ने उन्हें शुभकामनाएं प्रेषित कीं और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
समाज के वयोवृद्ध जनों को सम्मान देने की इस पहल की क्षेत्र में काफी सराहना की जा रही है, जो नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और संस्कारों से जोड़ने का संदेश देती है।


