डॉक्टर्स डे और सीए डे पर रक्तदान का संकल्प, रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स के शिविर में 42 यूनिट रक्त संग्रहित
डॉक्टर्स डे और सीए डे पर रक्तदान का संकल्प, रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स के शिविर में 42 यूनिट रक्त संग्रहित


बीकानेर, 1 जुलाई । डॉक्टर्स डे और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे के पावन अवसर पर, तथा रोटरी वर्ष 2026-27 के प्रथम दिवस के उपलक्ष्य में एक सराहनीय मानवीय पहल की गई। रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स एवं मारवाड़ जन सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में पीबीएम चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस पुनीत कार्य में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसके फलस्वरूप कुल 42 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। यह रक्त पीबीएम अस्पताल में आने वाले गंभीर व जरूरतमंद मरीजों के उपचार में जीवनरक्षक साबित होगा।


रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स के सचिव रोटे. जगदीप सिंह ओबेरॉय ने शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस आयोजन का मकसद केवल रक्त एकत्र करना नहीं, बल्कि युवाओं और आम जनता में नियमित रक्तदान के प्रति चेतना जगाना भी था। कार्यक्रम में डॉ. अरुण भारतीया, डॉ. कुलदीप मेहरा एवं डॉ. एल. के. कपिल के साथ सह प्रांतपाल रोटे. आनंद आचार्य विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों ने रक्तदाताओं की हौसलाअफजाई करते हुए कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई दान नहीं है और हर स्वस्थ नागरिक को इस सामाजिक जिम्मेदारी को निभाना चाहिए।


शिविर के दौरान रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स के अध्यक्ष रोटे. विपिन लढ्ढा ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगी मारवाड़ जन सेवा समिति और पीबीएम ब्लड बैंक की टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि नए रोटरी वर्ष का आगाज इस प्रकार के सेवा कार्य से करना क्लब की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस वर्ष क्लब रोटरी की अंतरराष्ट्रीय थीम “क्रिएट लास्टिंग इम्पैक्ट” पर काम करते हुए समाज हित में कई स्थायी और बड़े प्रोजेक्ट्स संचालित करेगा।
इस सेवा प्रकल्प को सफल बनाने में क्लब के निवर्तमान अध्यक्ष रोटे. सुनील चमारिया, चार्टर अध्यक्ष रोटे. मनोज कुरी, पूर्व अध्यक्ष रोटे. देवेन्द्र सिंह, रोटे. सुरेन्द्र जोशी, रोटे. डॉ. शिशिर शर्मा, रोटे. एस. के. व्यास, डॉ. राहुल कुमार राय, रोटे. नीरज सिंह, मदन सिंह एवं रोटे. रमेश अग्रवाल सहित कई सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। शिविर की खास बात यह रही कि प्रेरणा लेते हुए रोटे. मोहित सिंह एवं रोटे. आनंद आचार्य ने जीवन में पहली बार रक्तदान कर दूसरों को भी इस महादान से जुड़ने का सकारात्मक संदेश दिया।


