भूमि पूजन और मंगल पाठ के साथ माधावरम तेरापंथ भवन निर्माण की दिशा में बढ़े कदम
भूमि पूजन और मंगल पाठ के साथ माधावरम तेरापंथ भवन निर्माण की दिशा में बढ़े कदम


महासभा अध्यक्ष महेंद्र नाहटा ने दी मंगलकामनाएं


माधावरम (चेन्नई), 5 जुलाई। श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथ ट्रस्ट, माधावरम द्वारा तेरापंथ भवन के लिए क्रय की गई भूमि पर रविवार को मुनिश्री डॉ. पुलकितकुमार जी के पावन सान्निध्य में मंगल पाठ का आयोजन संपन्न हुआ। इस मांगलिक अवसर पर मुनिश्री ने नव-क्रय की गई भूमि पर अपने पगलिये (चरण संस्पर्श) करवाए। उपस्थित श्रावक समाज को मंगल पाठ श्रवण कराते हुए मुनिप्रवर ने कहा कि इस पावन धरा पर निर्मित होने वाला यह भवन श्रावक समाज में आध्यात्मिक गतिविधियों का एक प्रमुख केंद्र बनेगा और सामाजिक व धार्मिक दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण साबित होगा।


इस गरिमामय कार्यक्रम में जैन श्वेताम्बर तेरापंथ महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष महेंद्र नाहटा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने नव-क्रय भूमि और आगामी भवन निर्माण योजना के लिए पूरे समाज को बधाई देते हुए अपनी हार्दिक मंगलकामनाएं व्यक्त कीं। कार्यक्रम के दौरान माधावरम ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी घीसूलाल बोहरा ने मुनिप्रवर के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करते हुए उनका आत्मीय अभिनंदन किया। इस अवसर पर महासभा उपाध्यक्ष प्रकाश लोढ़ा, ट्रस्टी नरेंद्र नखत् और निवर्तमान महासभा अध्यक्ष मनसुखलाल सेठिया ने भी अपनी मंगलभावनाएं रखीं।
ट्रस्ट बोर्ड के मंत्री अशोक आच्छा ने इस परियोजना की भव्यता को रेखांकित करते हुए बताया कि आगामी समय में बनने वाला यह परिसर चेन्नई महानगर का सबसे बड़ा तेरापंथ भवन होगा, जो संपूर्ण क्षेत्र के लिए एक गौरव की बात है। कार्यक्रम में नव-मनोनीत माधावरम तेरापंथ सभा के अध्यक्ष सुरेशकुमार रांका, उपाध्यक्ष करणराज छल्लाणी, मंत्री पुखराज चोरड़िया, सहमंत्री मनीष वैदमुथा, संगठन मंत्री चंद्रप्रकाश छल्लाणी, विनोद रांका तथा ट्रस्ट बोर्ड के प्रचार-प्रसार प्रभारी स्वरूप चंद दाँती सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित थे।


