बीकानेर जिला उद्योग संघ ने कहा कि भारत सरकार बैंक हड़ताल से आर्थिक चक्र बाधित होने से रोके
बीकानेर जिला उद्योग संघ ने कहा कि भारत सरकार बैंक हड़ताल से आर्थिक चक्र बाधित होने से रोके



- सकारात्मक बातचीत से निकाले समाधान
बीकानेर, 25 सितंबर। आगामी 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल पर बीकानेर जिला उद्योग संघ ने गहरा चिंता व्यक्त किया है। संघ के अध्यक्ष द्वारकाप्रसाद पचीसिया, अरुण कुमार झंवर, अशोक सुराणा, नरेश मित्तल, श्यामसुन्दर सोनी एवं वीरेंद्र किराडू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुनराम मेघवाल तथा बीकानेर जिले के सभी विधायकों को पत्र भिजवाकर बैंक कर्मचारी संगठनों और बैंक प्रबंधन के बीच तत्काल उच्चस्तरीय वार्ता करवाकर समाधान निकालने की मांग की है।


पत्र में बताया गया कि देश में प्रतिदिन करोड़ों वित्तीय लेन-देन बैंकों और उनसे जुड़ी भुगतान प्रणालियों के माध्यम से होते हैं। प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल 30 सितंबर के अर्धवार्षिक बैंक समापन (Half-Yearly Closing) की अवधि के साथ पड़ रही है, जिससे बैंकिंग सेवाओं, व्यापारिक गतिविधियों, सरकारी लेन-देन तथा अंतरराष्ट्रीय बैंकिंग संचालन पर व्यापक असर पड़ सकता है।


चर्चा के दौरान पूर्व में हुई हड़तालों के आंकड़े प्रस्तुत करते हुए संघ ने बताया कि जनवरी 2026 की राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल के दौरान लगभग ₹4 लाख करोड़ के चेक क्लियरेंस प्रभावित हुए थे। वहीं सितंबर 2026 में मध्य प्रदेश में एक दिन की हड़ताल से ₹5,500 करोड़ तथा झारखंड में ₹8,000 करोड़ का बैंकिंग कारोबार प्रभावित हुआ था। बैंक हड़ताल से व्यापारियों के भुगतान अटकने, नकद जमा व निकासी बाधित होने, कर्मचारियों व सप्लायर्स के भुगतान में विलंब होने तथा बाजार में धन के प्रवाह पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की प्रबल आशंका है।
बीकानेर जिला उद्योग संघ ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य किसी कर्मचारी संगठन की जायज मांगों का विरोध करना नहीं है, बल्कि वे चाहते हैं कि समाधान सकारात्मक बातचीत से निकले। संघ ने केंद्र सरकार से अपील की है कि देश के उद्यमियों, व्यापारियों और आम नागरिकों के हित में बैंक हड़ताल को टालने हेतु आवश्यक पहल की जाए ताकि देश का आर्थिक चक्र और बैंकिंग व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित रहे।
