बीकानेर नगर निगम में पहले दिन ही मेयर-डिप्टी मेयर आमने-सामने

बीकानेर नगर निगम में पहले दिन ही मेयर-डिप्टी मेयर आमने-सामने
STBA 5 JUNE 2026
quicjZaps 15 sept 2025
खमत खामणा
  • कल्ला बोले ‘प्रेम से रहेंगे तो शहद दूंगा’, गहलोत का पलटवार- ‘ऐसे डंक अनेक लिए, डरते नहीं’

बीकानेर, 25 सितंबर। बीकानेर नगर निगम में नवनिर्वाचित मेयर अनिल कल्ला और डिप्टी मेयर पंकज गहलोत ने गुरुवार को विधिवत पदभार संभाल लिया। कांग्रेस के मेयर और भाजपा के डिप्टी मेयर ने अलग-अलग समारोहों में कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के पहले ही दिन दोनों शीर्ष जनप्रतिनिधियों के बयानों को लेकर नगर निगम के सियासी गलियारों में खासी चर्चा रही। मेयर अनिल कल्ला ने पक्ष-विपक्ष को साथ लेकर चलने की बात करते हुए मीठी चेतावनी दी, वहीं डिप्टी मेयर पंकज गहलोत ने कड़ा रुख अपनाते हुए स्पष्ट किया कि वे किसी के डंक से डरने वाले नहीं हैं।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

शुभ मुहूर्त में दोपहर सवा 12 बजे कल्ला ने संभाला पद
मेयर अनिल कल्ला ने ज्योतिषीय मुहूर्त के अनुसार दोपहर सवा 12 बजे नगर निगम पहुंचकर महापौर की कुर्सी संभाली। इस अवसर पर उनके साथ कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, नोखा विधायक सुशीला डूडी, देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, शहर अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल, पूर्व अध्यक्ष यशपाल गहलोत, पूर्व विधायक गोविंदराम मेघवाल एवं वीरेंद्र बेनीवाल सहित कांग्रेस नेता महेंद्र कल्ला, मनोज व्यास और सुरेश व्यास अपने समर्थकों के साथ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन कांग्रेस नेता विनय हर्ष ने किया।

pop ronak

कल्ला बोले- चुनाव खत्म, अब मिलकर बीकानेर को बेस्ट सिटी बनाएंगे
पदभार ग्रहण करने के बाद अपने संबोधन में मेयर अनिल कल्ला ने कहा कि चुनाव तक कांग्रेस और भाजपा का दलगत भेद होता है, लेकिन चुनाव के बाद हम सभी जनता के प्रतिनिधि होते हैं। उनका ध्येय पक्ष और विपक्ष दोनों को साथ लेकर शहर का सर्वांगीण विकास करना है। उन्होंने डिप्टी मेयर के पूर्व बयानों का जिक्र करते हुए कहा कि वे मधुमक्खी की तरह हैं—अगर प्रेम से रहेंगे तो शहद देंगे, अन्यथा उन्हें मधुमक्खी का छत्ता हटाना भी अच्छी तरह आता है।

सवा 3 बजे पंकज गहलोत ने संभाला डिप्टी मेयर का पदभार
उधर, भाजपा प्रत्याशी के रूप में चुनाव जीतकर उलटफेर करने वाले डिप्टी मेयर पंकज गहलोत ने दोपहर करीब सवा तीन बजे पदभार ग्रहण किया। उल्लेखनीय है कि पंकज ने कांग्रेस की नसीमा बानो को दो वोटों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की थी। मेयर कल्ला के बयानों का करारा जवाब देते हुए पंकज गहलोत ने कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में ऐसे अनेक डंक सहे हैं और वे किसी चेतावनी से डरने वाले नहीं हैं।

हर वार्ड में सक्रिय रहने का वादा, भाजपा पार्षदों ने दी चेतावनी
डिप्टी मेयर ने शहरवासियों को आश्वस्त किया कि वे बीकानेर के हर वार्ड में जनता के बीच उपस्थित रहेंगे और समस्याओं का समाधान करेंगे। इस दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि वे सकारात्मक कार्यों में हमेशा डिप्टी मेयर का सहयोग करेंगे और मेयर से भी सकारात्मक दृष्टिकोण की उम्मीद रखते हैं। वहीं, भाजपा पार्षद भगवान सिंह मेड़तिया ने दोटूक कहा कि यदि मेयर सकारात्मक ढंग से काम करेंगे तो उनका सहयोग किया जाएगा, अन्यथा नकारात्मक रवैये पर उग्र आंदोलन किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन भाजपा नेता वेद व्यास ने किया।