जैन साहित्य संगम संस्थान का तीसरा राष्ट्रीय अधिवेशन व जैन कवि सम्मेलन आयोजित

जैन साहित्य संगम संस्थान का तीसरा राष्ट्रीय अधिवेशन व जैन कवि सम्मेलन आयोजित
STBA 5 JUNE 2026
quicjZaps 15 sept 2025
खमत खामणा
  • कवि व साहित्यकार जैन दर्शन व आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाएं – गुलाबचंद कटारिया

बीकानेर, 25 सितम्बर। अखिल भारतीय साधुमार्गी जैन संघ के हुक्म संघ के नवम पट्टधर आचार्यश्री रामलालजी महाराज एवं उपाध्याय प्रवर राजेश मुनि के पावन सान्निध्य तथा पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया के मुख्य आतिथ्य में रविवार को गंगाशहर मार्ग स्थित आदिनाथ भवन में जैन साहित्य संगम संस्थान का दो दिवसीय तीसरा राष्ट्रीय अधिवेशन व जैन कवि सम्मेलन गरिमामय वातावरण में शुरू हुआ।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

समारोह के दौरान पंजाब के राज्यपाल कटारिया ने संस्थान के दूसरे अधिवेशन की स्मारिका ‘राष्ट्रीय अधिवेशन 2025: अनुभूतियों का आकाश’ का लोकार्पण किया। इसके साथ ही साहित्य के क्षेत्र में बहुआयामी योगदान के लिए वरिष्ठ साहित्यकार व कवि विजय सिंह नाहटा को ‘ऊं पारदर्शी पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया।

pop ronak

मुख्य अतिथि पद से बोलते हुए राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने साहित्यकारों व कवियों का आह्वान किया कि वे जैन दर्शन व धर्म के आदर्शों को सकारात्मक सोच के साथ जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को काम, क्रोध, लोभ, मोह जैसे कषायों और नशे की लत से बचाने के लिए सहज भाषा में साहित्य का सृजन जरूरी है। उन्होंने भगवान महावीर के पांच महाव्रतों—सत्य, अहिंसा, अचौर्य, अपरिग्रह व ब्रह्मचर्य—को केवल जैन समाज तक सीमित न मानकर संपूर्ण मानव जाति व जीव कल्याण का आधार बताया। कटारिया ने फिजूलखर्ची से बचकर प्राप्त संसाधनों को जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में लगाने का संदेश दिया।

समारोह में बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने रचनाकारों से नशामुक्त समाज की संरचना में सहभागी बनने का आह्वान किया, जबकि श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद ने जैन दर्शन को आत्मचिंतन और देशभक्ति की प्रेरणा देने वाला बताया। अखिल भारतवर्षीय साधुमार्गी जैन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष नरेंद्र गांधी ने बताया कि संघ की प्रेरणा से व्यसन त्यागने वाले बलाई समाज के उत्थान हेतु 150 जैन संस्कार पाठशालाएं संचालित की जा रही हैं।

संस्थान के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगदीप जैन ‘हर्षदर्शी’, सचिव राजेंद्र कांठेड़, उपाध्यक्ष विजय सिंह नाहटा व राष्ट्रीय संयोजक अशोक नागौरी ने संस्थान के उद्देश्यों व गतिविधियों पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में बीकानेर के गणमान्य नागरिकों सहित देश भर से आए साहित्यकार उपस्थित रहे।

चारित्र आत्माओं व 200 वर्ष प्राचीन जिनालय के किए दर्शन

अपने बीकानेर प्रवास के दौरान राज्यपाल कटारिया ने छबीली घाटी स्थित सेवा सदन पहुंचकर आचार्यश्री रामलालजी महाराज व उपाध्याय प्रवर राजेश मुनि से आशीर्वाद प्राप्त किया। इसके पश्चात उन्होंने आदिनाथ भवन परिसर स्थित पार्श्वचंद्र दादाबाड़ी के 200 वर्ष पुराने भगवान आदिनाथ व दादा गुरुदेव के मंदिर में दर्शन-पूजन किया। इस अवसर पर पार्श्वचंद्र गच्छ के अध्यक्ष रविंद्र रामपुरिया व मंत्री प्रताप रामपुरिया ने उनका अभिनंदन किया।