चेन्नई में जैन विद्या परीक्षा 2025 के मेधावी परीक्षार्थी सम्मानित
चेन्नई में जैन विद्या परीक्षा 2025 के मेधावी परीक्षार्थी सम्मानित



- साध्वीश्री उदितयशाजी के सान्निध्य में समारोह आयोजित
चेन्नई/बीकानेर, 28 सितम्बर । श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, चेन्नई के तत्वावधान एवं साध्वीश्री उदितयशाजी ठाणा 4 के पावन सान्निध्य में ‘जैन विद्या परीक्षा 2025’ में अखिल भारतीय एवं चेन्नई स्तर पर वरीयता प्राप्त परीक्षार्थियों का सम्मान समारोह समृद्धि वाइट हाउस में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया।


समारोह के दौरान राष्ट्रीय एवं स्थानीय स्तर पर मैरिट सूची (वरीयता) में स्थान प्राप्त करने वाले 36 मेधावी परीक्षार्थियों को सम्मान पत्र एवं विशेष उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही परीक्षा में सफल रहे अन्य सभी परीक्षार्थियों को प्रमाण-पत्र व सांत्वना पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।


इस अवसर पर साध्वीश्री उदितयशाजी ने अपने प्रेरणा पाथेय में फरमाया कि भारतीय संस्कृति में ज्ञान का सर्वोच्च स्थान है और सम्यक ज्ञान ही आत्मा को अज्ञान रूपी अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर ले जाता है। उन्होंने विशेष रूप से बच्चों, युवाओं और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के पदाधिकारियों से अधिक से अधिक संख्या में जैन विद्या परीक्षा से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में चेन्नई सभा के अध्यक्ष महेंद्र मांडोत, जैन विद्या तमिलनाडु प्रभारी विकास सेठिया सहित विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का कुशल संचालन सभा के जैन विद्या प्रभारी हेमंत मालू व सह-प्रभारी कमल सामसुखा ने किया, जबकि आभार ज्ञापन चेन्नई सभा मंत्री चंद्रेश चिप्पड़ द्वारा व्यक्त किया गया।
