हैदराबाद में प्रेक्षा ध्यान दिवस पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन
हैदराबाद में प्रेक्षा ध्यान दिवस पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन



- महबूब कॉलेज में विद्यार्थियों को दिए गए मानसिक शांति व जीवन मूल्यों के सूत्र
हैदराबाद , 29 सितम्बर । युगप्रधान आचार्य श्री महाश्रमण जी के आशीर्वाद तथा उनके विद्वान शिष्य मुनिश्री दीप कुमार जी एवं मुनिश्री काव्य कुमार जी की प्रेरणा से ‘प्रेक्षा ध्यान दिवस’ के उपलक्ष्य में हैदराबाद स्थित महबूब कॉलेज में विशेष कार्यक्रम का आयोजन श्रीमती निर्मला बैद द्वारा किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ भक्तामर स्तोत्र एवं अणुव्रत गीत के संगान के साथ हुआ। इस अवसर पर फिजिकल एक्टिविटी के साथ-साथ भीतर के भावों को शुद्ध रखने के विभिन्न तरीकों पर चर्चा की गई।


वक्ताओं ने वर्तमान में विद्यार्थियों में बढ़ती उच्छृंखलता, उद्दंडता, संवेगों (इमोशंस) पर नियंत्रण की कमी, छोटी-छोटी बातों पर क्रोध, अहंकार, नशा और आपसी लड़ाई-झगड़े की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि ये सभी कारण व्यक्ति के अंतर्मुखी विकास में बाधा उत्पन्न करते हैं। इनसे मुक्ति पाने के लिए जीवन में विनम्रता, सहनशीलता, ईमानदारी, मेहनत और अनुशासन जैसे मूल्यों को अपनाकर जीवन को प्रकाशित करने का आह्वान किया गया।


सत्र के दौरान क्रोध पर नियंत्रण पाने, नशा मुक्ति और स्मरण शक्ति (मेमोरी पावर) बढ़ाने के उद्देश्य से विद्यार्थियों को प्रेक्षा ध्यान का व्यावहारिक प्रयोग करवाया गया। साथ ही आंतरिक शुद्धि के लिए विभिन्न मुद्राओं और योगासनों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम को सफल बनाने में कॉलेज के प्रिंसिपल साहब, स्वाति मैडम और रीजी का सराहनीय सहयोग रहा। आयोजकों की ओर से हनुमान एवं जिनेंद्र की तरफ से अतिथियों व सहयोगियों को साहित्य भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया गया।
