वरिष्ठ साहित्यकार आशा पाण्डेय ओझा ‘आशा’ को मिलेगा ‘गंगा दुलारी शुक्ला स्मृति बाल साहित्य पुरस्कार
वरिष्ठ साहित्यकार आशा पाण्डेय ओझा 'आशा' को मिलेगा ‘गंगा दुलारी शुक्ला स्मृति बाल साहित्य पुरस्कार



उदयपुर। वरिष्ठ साहित्यकार एवं ‘त्रिसुगंधि साहित्य, कला एवं संस्कृति संस्थान’ (उदयपुर) की संस्थापक-अध्यक्ष आशा पाण्डेय ओझा ‘आशा’ को प्रतिष्ठित ‘गंगा दुलारी शुक्ला स्मृति बाल साहित्य पुरस्कार’ से सम्मानित किया जाएगा। यह घोषणा ‘बालवाटिका’ मासिक पत्रिका के संपादक एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. भैरूंलाल गर्ग द्वारा की गई।


यह सम्मान भीलवाड़ा जिले के भुनास स्थित विनायक विद्यापीठ में आयोजित होने वाली दो दिवसीय 27वीं राष्ट्रीय बालसाहित्य संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह-2026 के दौरान 3 और 4 अक्टूबर 2026 को प्रदान किया जाएगा। समारोह में देशभर के प्रख्यात बाल साहित्यकार शिरकत करेंगे। इस अवसर पर आशा पाण्डेय ओझा को सम्मान स्वरूप ₹11,000 की राशि, स्मृति चिह्न, शॉल और श्रीफल भेंट किया जाएगा।


चार दशकों से साहित्य सृजन में निरंतर सक्रिय आशा पाण्डेय ओझा की अब तक विभिन्न विधाओं में 13 पुस्तकें और 40 से अधिक साझा काव्य एवं साहित्यिक संकलन प्रकाशित हो चुके हैं। उनकी रचनाओं का उर्दू, पंजाबी, उड़िया, गुजराती, भोजपुरी और नेपाली सहित अनेक भाषाओं में अनुवाद हुआ है। बाल साहित्य, कविता, गीत, ग़ज़ल, छंद और कहानी लेखन के साथ-साथ साहित्यिक व सांस्कृतिक संस्थागत गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान के लिए उन्हें पूर्व में भी 200 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों से नवाजा जा चुका है।
