दक्षिण मुंबई में महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल में संपन्न हुआ भव्य नवरात्रि महोत्सव
दक्षिण मुंबई में महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल में संपन्न हुआ भव्य नवरात्रि महोत्सव

- साध्वी कंचनप्रभाजी और मंजुरेखाजी का मिला सान्निध्य
मुंबई, 11 अक्टूबर । दक्षिण मुंबई के महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल में शासनश्री साध्वी श्री कंचनप्रभाजी एवं शासनश्री साध्वी श्री मंजुरेखाजी आदि ठाणा-5 के पावन सान्निध्य में रविवार, 11 अक्टूबर 2026 को मंगलमय नवरात्रि का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर धर्म लाभ लिया।


अनुष्ठान से पूर्व अपने मंगल प्रवचन में साध्वी श्री कंचनप्रभाजी ने अनुष्ठान की महिमा बताते हुए कहा कि श्रद्धापूर्वक अनुष्ठान करने वाले साधकों की मंजिल हमेशा तय होती है। उन्होंने कहा कि विनम्रता, सादगी और संयम के साथ किए गए मंत्र-जाप और अनुष्ठान ही वास्तव में फलीभूत होते हैं।


सह-शासनश्री साध्वी श्री मंजुरेखाजी ने अपने उद्बोधन में कहा कि नवरात्रि भारतीय संस्कृति का शृंगार है, जिसका हमारे जीवन में अत्यंत बड़ा और आध्यात्मिक महत्व है। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के इन पावन दिनों में देवियों की विशेष महिमा गाई जाती है। चाहे मंदिर हो या डांडिया रास का प्रांगण, हर स्थान पर देवियों का श्रद्धा के साथ गुणगान किया जाता है।
सांस्कृतिक और संगठनात्मक उपलब्धियां
कार्यक्रम के दौरान घाटकोपर सभा के अध्यक्ष शांतिलाल कोठारी एवं उपाध्यक्ष सुरेश राठौड़ ने नवरात्रि पर्व की उपयोगिता पर प्रकाश डाला और पूर्व में संपन्न हुए चातुर्मास की विभिन्न सफलताओं व उपलब्धियों को सभा के समक्ष प्रस्तुत किया। इस पूरे धार्मिक आयोजन का सफल संचालन मीडिया प्रभारी नीतेश धाकड़ द्वारा किया गया।
इस अवसर पर तेरापंथी सभा घाटकोपर के अध्यक्ष शांतिलाल कोठारी, उपाध्यक्ष सुरेश राठौड़, मंत्री संजय सोनी, कोषाध्यक्ष भीमराज सुराणा, दक्षिण मुंबई सभा के उपाध्यक्ष दिनेश धाकड़, मंत्री पवन बोलिया और मीडिया प्रभारी नितेश धाकड़ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। कार्यक्रम की जानकारी दर्शन डागलिया द्वारा दी गई।

