जोधपुर विद्युत वितरण निगम श्रमिक संघ का बीकानेर में प्रदर्शन
जोधपुर विद्युत वितरण निगम श्रमिक संघ का बीकानेर में प्रदर्शन

- अधीक्षण अभियंता कार्यालय के समक्ष 11 सूत्रीय मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
बीकानेर, 15 अक्टूबर । जोधपुर विद्युत वितरण निगम श्रमिक संघ के डिस्कॉम-व्यापी आह्वान पर गुरुवार, 15 अक्टूबर 2026 को बीकानेर स्थित 44 नंबर कोठी अधीक्षण अभियंता कार्यालय के समक्ष कर्मचारियों की लंबित समस्याओं एवं 11 सूत्रीय मांग पत्र के समर्थन में जोरदार धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।


नारेबाजी के साथ ज्ञापन सौंपा
धरना-प्रदर्शन के दौरान विद्युत निगम कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। इसके पश्चात 11 सूत्रीय मांग पत्र का वाचन करते हुए विभागीय समस्याओं के त्वरित निस्तारण की मांग उठाई गई। प्रदर्शन के अंत में प्रबंध निदेशक के नाम एक ज्ञापन अधीक्षण अभियंता के प्रावैधिक सहायक सोनम दत्ता को सौंपा गया।


दीपावली से पूर्व भत्तों व ओवरटाइम भुगतान की मांग
संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने 11 सूत्रीय मांगों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर कर्मचारियों को आ रही व्यावहारिक समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराया। प्रतिनिधियों ने विशेष रूप से आग्रह किया कि आगामी दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए कर्मचारियों के यात्रा भत्ते (TA), उपार्जित अवकाश के भुगतान तथा ओवरटाइम संबंधी लंबित आदेशों को तत्काल जारी किया जाए, ताकि त्योहारी सीजन में कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिल सके। इस पर प्रावैधिक सहायक सोनम दत्ता ने सभी लंबित मामलों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
ये रहे उपस्थित
आयोजन में संगठन मंत्री शिवदत्त गौड़, उपाध्यक्ष दीपक चतुर्वेदी, देवेश सोनी, राजेंद्र मीणा, मनीष स्वामी, रमेश गिरी, श्याम सुंदर, दौलत सिंह, हंसराज, हरीश चौधरी, विष्णु गोपाल खत्री, इमरान, मनोहर प्रजापत, नरेश शर्मा, संदीप सारस्वत, कमल सुवासिया, मंगलाराम, सुनील शर्मा, शिवराज सिंह, एजाज अहमद, सुरेश पूनिया सहित बड़ी संख्या में बिजली कर्मचारी और संगठन के कार्यकर्ता मौजूद रहे। संगठन पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों का समाधान नहीं होता, संघर्ष जारी रहेगा।

