

- दक्षिण मुंबई में शासनश्री साध्वी कंचनप्रभाजी व साध्वी मंजुरेखाजी के सान्निध्य में मनाया गया अणुव्रत दिवस
दक्षिण मुंबई, 11 नवम्बर । महाप्रज्ञ पब्लिक स्कूल, कालबादेवी में आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन एवं श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा, दक्षिण मुंबई के संयुक्त तत्वावधान में युगप्रधान गुरुदेव आचार्य श्री तुलसी का 113वाँ जन्मदिवस ‘अणुव्रत दिवस’ के रूप में अत्यंत श्रद्धा और भावभीने वातावरण में मनाया गया। यह गरिमामयी समारोह आचार्य श्री महाश्रमण जी की सुशिष्या शासनश्री साध्वीश्री कंचनप्रभाजी एवं शासनश्री साध्वीश्री मंजुरेखाजी आदि ठाणा-5 के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ।



कार्यक्रम का शुभारंभ महिला मंडल द्वारा प्रस्तुत सुमधुर मंगलाचरण से हुआ, जिसके पश्चात उपस्थित श्रावक-श्राविकाओं ने गुरुदेव आचार्य श्री तुलसी के प्रति अपनी गहरी आस्था व्यक्त की।



समारोह को संबोधित करते हुए शासनश्री साध्वीश्री कंचनप्रभाजी ने कहा कि आचार्य श्री तुलसी अद्वितीय पुरुषार्थ के प्रतीक थे। उन्होंने विषम परिस्थितियों और संघर्षों के बीच अलख जगाते हुए जो महान कार्य संपन्न किए, वे इतिहास के स्वर्णिम पृष्ठों में अंकित हो चुके हैं। गुरुदेव ने पदयात्राओं के माध्यम से अणुव्रत आंदोलन को जन-जन तक पहुँचाकर सम्प्रदाय-मुक्त धर्म की विशुद्ध परिभाषा प्रस्तुत की। उन्होंने गरीब की झोपड़ी से लेकर राष्ट्रपति भवन तक मानवीय मूल्यों और संस्कारों के चिंतन का प्रसार किया।
इस अवसर पर शासनश्री साध्वीश्री मंजुरेखाजी ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि आचार्य श्री तुलसी का जीवन सतत गतिशीलता का संदेश देता है। मनुष्य एक सामाजिक प्राणी है और उसके लिए सापेक्षता, समन्वय, सहिष्णुता तथा शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व जैसे जीवन मूल्य अत्यंत आवश्यक हैं। इनके माध्यम से व्यक्ति स्वयं को सुरक्षित रखते हुए व्रत की चेतना को जागृत रख सकता है। उन्होंने आह्वान किया कि अणुव्रत के छोटे-छोटे संकल्पों का व्यापक प्रचार-प्रसार होना चाहिए।

समारोह में साध्वीश्री उदितप्रभाजी, साध्वीश्री निर्भयप्रभाजी एवं साध्वीश्री चेलनाश्रीजी ने भी अपने विचार रखे। इसके अतिरिक्त आचार्य महाप्रज्ञ विद्यानिधि फाउंडेशन के कार्याध्यक्ष गणपत डागलिया, दक्षिण मुंबई सभा के उपाध्यक्ष दिनेश धाकड़, अर्जुन सोलंकी, अर्जुन कच्छारा, मीना सुराणा, महिला मंडल उपाध्यक्षा पुष्पा कच्छारा एवं अशोक बरलोटा ने भी गुरुदेव को श्रद्धांजलि अर्पित की।
पूरा आयोजन आचार्य श्री तुलसी के जीवन दर्शन, अणुव्रत आंदोलन एवं मानवीय मूल्यों के प्रति उनके अमूल्य योगदान को समर्पित रहा। यह जानकारी सभा मीडिया प्रभारी नितेश धाकड़ एवं तेयुप उपाध्यक्ष दर्शन डागलिया ने दी।

