बीकानेर जिला दवा विक्रेता संघ के चुनाव निर्विरोध संपन्न: जगदीश सिंह चौधरी बने अध्यक्ष
बीकानेर जिला दवा विक्रेता संघ के चुनाव निर्विरोध संपन्न: जगदीश सिंह चौधरी बने अध्यक्ष


- रजत जयंती वर्ष पर दवा व्यवसायियों ने पेश की आपसी सौहार्द की मिसाल; कार्यकारिणी का हुआ सर्वसम्मति से गठन
बीकानेर, 31 मई (2026)। बीकानेर जिला दवा विक्रेता संघ (रजि.) की चुनाव प्रक्रिया रविवार को बीकानेर जिला उद्योग संघ कार्यालय में पूरी तरह शांतिपूर्ण और निर्विरोध संपन्न हुई। संघ के रजत जयंती कार्यक्रम के पावन अवसर पर आयोजित इन चुनावों में जिलेभर के दवा व्यवसायियों ने अभूतपूर्व एकजुटता और आपसी सौहार्द का परिचय देते हुए पूरी कार्यकारिणी का चयन सर्वसम्मति से किया।


नई कार्यकारिणी का निर्विरोध निर्वाचन
मुख्य चुनाव अधिकारी अनन्तवीर जैन एवं सहायक चुनाव अधिकारी सत्यदेव शर्मा ने विधिवत रूप से निर्विरोध निर्वाचित पदाधिकारियों के नामों की घोषणा की. जिला अध्यक्ष: जगदीश सिंह चौधरी, उपाध्यक्ष: राजेन्द्र सिंह, सचिव: नीरज तिवारी,
सह-सचिव: आनंद सारस्वत, कोषाध्यक्ष: मुरली अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य: सोनू तंवर, श्याम जोशी, रणजीत उपाध्याय, मनफूल चौधरी, राजेन्द्र गुप्ता और उदेश खत्री। गवर्निंग बॉडी के अध्यक्ष महावीर पुरोहित, संभाग अध्यक्ष पवन कुमार ओझा तथा महासचिव सचिन गुप्ता ने संयुक्त रूप से जानकारी देते हुए बताया कि नवनिवार्तित कार्यकारिणी सदस्य मनफूल चौधरी को उनकी सक्रियता को देखते हुए संघ की ‘युवा वाहिनी’ का अध्यक्ष भी मनोनीत किया गया है।


“देश से प्यार, नशे पर वार” — प्रधानमंत्री से कानून बदलने की मांग
इस गरिमापूर्ण समारोह के दौरान मौजूद समूचे केमिस्ट समुदाय ने सामाजिक सरोकार निभाते हुए नशाखोरी के खिलाफ एक सुर में आवाज बुलंद की। दवा व्यवसायियों ने “देश से प्यार, नशे पर वार” का गगनभेदी नारा देते हुए संकल्प लिया कि वे अपने जिले, राज्य और पूरे राष्ट्र को नशा मुक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे। इसी संदर्भ में देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संघ की ओर से एक विशेष निवेदन भेजने का निर्णय लिया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि अंग्रेजों के जमाने से चले आ रहे पुराने ‘ड्रग एक्ट’ की वजह से वर्तमान में दवा व्यवसाय और समाज के सामने कई विसंगतियां व समस्याएं खड़ी हो रही हैं। समाज को पूरी तरह नशा मुक्त करने और केमिस्टों के हितों की रक्षा के लिए इस पुराने कानून में समयनुकूल व्यावहारिक परिवर्तन व संशोधन किया जाना अत्यंत आवश्यक है।
संघ शक्ति ही सर्वोपरि: पवन कुमार ओझा
कार्यक्रम के मुख्य सत्र को संबोधित करते हुए संभाग अध्यक्ष पवन कुमार ओझा ने संगठन की ताकत पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित सभी केमिस्ट बंधुओं से अनुरोध किया कि वे संघ की शक्ति को हमेशा सर्वोपरि रखें और एक सकारात्मक सोच के साथ संस्था के विकास, विस्तार और विश्वसनीयता को बढ़ाने में अपना योगदान दें।
समारोह के सफल समापन के बाद एक प्रेस वार्ता (पत्रकार वार्ता) का भी आयोजन किया गया, जिसमें नवनियुक्त अध्यक्ष जगदीश सिंह चौधरी और गवर्निंग बॉडी अध्यक्ष महावीर पुरोहित ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए संघ के आगामी लक्ष्यों, व्यावसायिक हितों और नशा मुक्ति अभियान की कार्ययोजना को विस्तार से रेखांकित किया।
इस अवसर पर संघ के वरिष्ठ सदस्य एवं सचिव कंपनी मामलात आलोक प्रताप सिंह ने विश्वास दिलाया कि संगठन के हर रचनात्मक कार्य में उनका तन, मन और धन से सहयोग हमेशा जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि रजत जयंती जैसे गौरवशाली आयोजन केमिस्टों में नई ऊर्जा का संचार करते हैं। कार्यक्रम के अंत में संघ के प्रवक्ता सुशील कुमार मतड़ ने जिलेभर से आए सभी केमिस्ट भाइयों, युवाओं और प्रबुद्धजनों का हृदय से धन्यवाद ज्ञापित किया।


