बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर के सरकारी समाचार


- राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कैलेंडर के अनुसार समस्त गतिविधियों का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें रिटर्निंग अधिकारी
- जिला निर्वाचन अधिकारी ने रिटर्निंग अधिकारियों की ली बैठक, अब तक के कार्यों की समीक्षा की
बीकानेर, 27 अगस्त। जिला निर्वाचन अधिकारी निशान्त जैन ने गुरुवार को नगरीय निकाय आम चुनाव के लिए नियुक्त रिटर्निंग अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अब तक के कार्यों की समीक्षा की और आगामी दिनों में राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार निर्धारित कैलेंडर के अनुसार समस्त कार्य सम्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकसूचना जारी होने के साथ ही गुरुवार को नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। नामांकन 31 अगस्त तक लिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अगले दो कार्यदिवस में बड़ी संख्या में नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हो सकते हैं, अतः प्रत्येक रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में आवश्यक व्यवस्थाएं की जाएं। उन्होंने कहा कि रविवार को समस्त रिटर्निंग अधिकारी एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय तैयारियों हेतु खुले रहें, जिससे सोमवार को अधिक संख्या में नाम निर्देशन पत्र प्राप्त होने की स्थिति में समूची प्रक्रिया आसानी से सम्पन्न हो जाए।


जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रत्येक नगर पालिका क्षेत्र में कानून व्यवस्था संधारण, वल्नरेबल और क्रिटिकल बूथों से जुड़ी आवश्यक व्यवस्था, एरिया और जोनल मजिस्ट्रेट से समन्वय, समस्त प्रशिक्षण, मतदान केंद्रों की व्यवस्थाएं, दिव्यांग मतदाताओं का चिह्नीकरण तथा उनके लिए की जाने वाली समस्त व्यवस्थाओं सहित प्रत्येक कार्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कैलेंडर के अनुसार करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने कहा कि रिटर्निंग अधिकारी, सम्पूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी है। अपनी भूमिका को समझते हुए प्रत्येक रिटर्निंग अधिकारी पूर्ण गंभीरता और समन्वय से कार्य करें।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री उम्मेद सिंह रतनू, एडीएम (सिटी) श्रीमती रीना, एसडीएम सुश्री महिमा कसाना सहित रिटर्निंग अधिकारी मौजूद रहे।
पहले दिन प्राप्त हुए चार नाम निर्देशन पत्र
नगरीय निकाय आम चुनाव के तहत नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया गुरुवार को शुरू हुई। पहले दिन चार नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुए। इनमें बीकानेर नगर निगम के लिए एक, नोखा नगर पालिका के लिए दो तथा श्रीडूंगरगढ़ नगर पालिका के लिए एक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त हुआ। शुक्रवार को रक्षाबंधन पर्व पर अवकाश रहेगा। शनिवार को प्रातः 10:30 से दोपहर 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्राप्त किए जाएंगे।
========
नगरीय निकाय आम चुनाव : जिला निर्वाचन अधिकारी, रिटर्निंग अधिकारियों जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ ईवीएम का प्रथम रेंडमाइजेशन
बीकानेर, 27 अगस्त। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के संदर्भ में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) का प्रथम रेण्डमाईजेशन गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी श्री निशान्त जैन, रिटर्निंग अधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट सभागार में हुआ।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बैलेट यूनिट (बीयू) और कंट्रोल यूनिट (सीयू) मशीनों की संख्या का निर्धारण नगर निगम एवं प्रत्येक नगर पालिका के मतदान केन्द्रों की संख्या से बीस प्रतिशत अधिक (120 प्रतिशत) किया गया है।
उन्होंने बताया कि जिले की 6 नगर पालिका एवं 1 नगर निगम क्षेत्र में कुल 687 मतदान केन्द्र (451 नगर निगम एवं 236 नगर पालिका) निर्धारित किए गए हैं। इसकी अनुपालना में प्रथम रेण्डमाईजेशन के लिए निर्वाचन आयोग के ईवीएम ट्रेकिंग सॉफ्टवेयर में ई-सूची पर 874 बीयू एवं 893 सीयू का आवंटन किया गया।
इनमें बीकानेर नगर निगम के लिए कुल 542 बीयू व 542 सीयू आवंटित की गई। इसी श्रृंखला में नगर पालिका खाजूवाला के लिए 24 बीयू एवं 24 सीयू, नगर पालिका नापासर के लिए 30 बीयू एवं 30 सीयू, नगर पालिका श्रीडूंगरगढ़ के लिए 62 बीयू एवं 62 सीयू, नगर पालिका नोखा के लिए 96 बीयू एवं 96 सीयू, नगर पालिका देशनोक के लिए 30 बीयू एवं 30 सीयू एवं नगर पालिका लूणकरणसर के लिए 42 बीयू एवं 42 सीयू आवंटित की गई।
इस दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेद सिंह रतनू, ईवीएम प्रकोष्ठ प्रभारी रणजीत बिजारणियां, सहायक प्रभारी भवानी प्रकाश, भारतीय जनता पार्टी के राजेंद्र पवार, दिलीप सिंह आडसर और कौशल शर्मा कांग्रेस के प्रहलाद सिंह मार्शल, आरएलपी के राम निवास तथा सीपीएम के सुरेंद्र सिंह सहित समस्त रिटर्निंग अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
===================
- प्रवासी राजस्थानी सम्मान के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित
बीकानेर, 27 अगस्त। राज्य सरकार द्वारा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्यरत प्रवासी राजस्थानियों को सम्मानित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके लिए जिले में जिला प्रवासी प्रकोष्ठ का गठन किया गया है, जो अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रशासन) की अध्यक्षता में कार्यरत है।
जिला उद्योग एवं वाणिज्य केंद्र की महाप्रबंधक श्रीमती मंजू नैण गोदारा ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा आगामी 10 दिसंबर को जेईसीसी, सीतापुरा एवं जयपुर में ‘प्रवासी राजस्थानी दिवस’ का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर राज्य स्तरीय ‘प्रवासी राजस्थानी सम्मान’ प्रदान किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि प्रवासी राजस्थानी सम्मान पुरस्कार के लिए पात्र व्यक्तियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक प्रवासी राजस्थानी राजस्थान फाउंडेशन के पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन प्रक्रिया 13 अगस्त से शुरू हुई, जो 13 सितंबर तक जारी रहेगी। प्रवासी सम्मान के लिए आवेदन करने वाले पात्र व्यक्तियों से निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की गई है।
==========
- एग्रीस्टैक योजना के तहत किसान फार्मर रजिस्ट्री के लिए 1 से 30 सितंबर तक विशेष शिविर
- बीकानेर तहसील की प्रत्येक ग्राम पंचायत में आयोजित होंगे शिविर, पटवारी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर रहकर बनाएंगे किसान आईडी
बीकानेर, 27 अगस्त। भारत सरकार की एग्रीस्टैक योजना के तहत किसानों की फार्मर रजिस्ट्री एवं किसान आईडी बनाने के लिए बीकानेर तहसील की समस्त ग्राम पंचायतों में 1 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में बीकानेर तहसीलदार श्री विवेक चौधरी द्वारा कार्यक्रम जारी कर तहसील के समस्त पटवारियों को ग्राम पंचायत मुख्यालय पर उपस्थित रहकर फार्मर रजिस्ट्री का कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
तहसीलदार बीकानेर ने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार प्रत्येक किसान की फार्मर आईडी (किसान आईडी) बनाया जाना आवश्यक है। फार्मर आईडी किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं कृषि संबंधी सेवाओं से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। किसानों की फार्मर रजिस्ट्री पूर्ण होने से उन्हें फसल बीमा, पशुधन बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा होगी।
गिरदावरी के साथ-साथ फार्मर आईडी बनाने का कार्य
तहसीलदार चौधरी ने बताया कि विशेष अभियान के दौरान पटवारी ग्राम पंचायत मुख्यालय पर उपस्थित रहकर फसल गिरदावरी के कार्य के साथ फार्मर रजिस्ट्री एवं किसान आईडी बनाने का कार्य भी करेंगे। तहसील के समस्त गिरदावरों को शिविरों की नियमित मॉनिटरिंग करते हुए कार्य की प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के दौरान लंबित फार्मर रजिस्ट्री आवेदनों का निस्तारण, लंबित पीएम किसान लाभार्थियों की फार्मर रजिस्ट्री, जिन किसानों के रिकॉर्ड में मोबाइल नंबर अपडेट नहीं हैं उनका डोर-टू-डोर सर्वे कर शत-प्रतिशत पंजीयन तथा अनअलॉटेड डाटा बैंक में दर्ज किसानों का पंजीयन करवाने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
किसानों एवं ई-मित्र संचालकों से सहयोग की अपील
तहसीलदार विवेक चौधरी ने सभी ग्रामवासियों एवं ई-मित्र संचालकों से अपील की है कि वे विशेष अभियान के दौरान अधिक से अधिक किसानों की फार्मर आईडी बनवाने में सहयोग करें। उन्होंने किसानों से भी निर्धारित अवधि में अपने ग्राम पंचायत मुख्यालय पर पहुंचकर फार्मर रजिस्ट्री का कार्य करवाने तथा आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने का आह्वान किया है।
उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित कार्मिक की व्यक्तिगत जिम्मेदारी निर्धारित की जाएगी तथा नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
===================
- नागरिक सेवाओं से जुड़े प्रकरणों का प्राथमिकता से हो निस्तारण
- प्रभारी सचिव ने ली बैठक, अधिकारियों को गंभीरतापूर्वक कार्यवाही के दिए निर्देश
बीकानेर, 27 अगस्त। जिला प्रभारी सचिव हेमंत गेरा ने कहा कि सिविक एनिमिटी (नागरिक सेवाओं) से जुड़े विभाग अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करें, जिससे आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
जिला प्रभारी सचिव ने गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक के दौरान यह निर्देश दिए। इस दौरान सिविक एनिमिटी से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। इस दौरान जिला कलक्टर निशान्त जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रभारी सचिव ने पेयजल और विद्युत सप्लाई दुरूस्त करने, सफाई और रोड लाइट दुरूस्तीकरण जैसे प्रकरणों को अविलम्ब निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय, स्वायत्त शासन, जलदाय, ग्रामीण विकास और विद्युत निगम जैसे नागरिक सेवाओं से जुड़े विभागों के वरिष्ठतम अधिकारी प्रत्येक प्रकरण की नियमित मॉनिटरिंग करें।
नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी ने बताया कि संपर्क पोर्टल पर नागरिक सेवाओं से संबंधित 277 प्रकरण लंबित हैं। इनमें विद्युत निगम के सर्वाधिक 175, स्थानीय निकाय विभाग के 64, बीकानेर विकास प्राधिकरण के 21, सार्वजनिक निर्माण विभाग के 6 तथा ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज के 4 प्रकरण शामिल हैं। जिला कलक्टर निशान्त जैन ने सभी प्रकरणों को अविलम्ब निस्तारित करने के निर्देश दिए और कहा कि ऐसा नहीं होने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय करते हुए उसके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाएगी।
बैठक में बीकानेर विकास प्राधिकरण आयुक्त श्रीमती धायगुडे स्नेहल नाना, प्रशिक्षु आइएएस स्वाति शर्मा, जिला परिषद के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री दिलीप कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
=======
- नगरीय निकाय चुनाव-2026
- मतदान की मेहंदी से दिया शत-प्रतिशत मतदान का संदेश
- जवाहर स्कूल, भीनासर के आंगनबाड़ी केन्द्र पर स्वीप के तहत महिला संवाद एवं मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बीकानेर, 27 अगस्त। नगरीय निकाय चुनाव-2026 के तहत स्वीप गतिविधियों के अंतर्गत स्वीप प्रभारी एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी, जिला परिषद श्रीमती शैलजा पांडे के निर्देशन में गुरुवार को ज़िले भर की सभी नगरीय निकाय क्षेत्रों में ‘मतदान की मेहंदी एवं महिला संवाद’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। ज़िला मुख्यालय पर यह कार्यक्रम भीनासर स्थित राजकीय उच्च माध्यमिक जवाहर स्कूल के आंगनबाड़ी केन्द्र पर महिला एवं बाल विकास तथा महिला अधिकारिता विभाग के सहयोग से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में महिला पर्यवेक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सहायिकाओं एवं साथिनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
मेहंदी और रंगोली के माध्यम से दिया मतदान का संदेश
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने मतदान के प्रति जागरूकता का संदेश देते हुए आकर्षक मेहंदी रचाई। साथ ही ‘मतदान अवश्य करें’ सहित विभिन्न संदेशों पर आधारित भव्य रंगोली का प्रदर्शन किया गया। गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं एवं उपस्थित लोगों को लोकतंत्र में मतदान के महत्व की जानकारी दी गई।
मतदान की मेहंदी प्रतियोगिता में करिश्मा प्रथम
मतदान की मेहंदी प्रतियोगिता में करिश्मा ने प्रथम, अंकिता ने द्वितीय तथा पूजा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अतिथियों द्वारा विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। वहीं मतदान जागरूकता को लेकर प्रेरक पोस्टर तैयार करने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता रहमत को भी पुरस्कृत किया गया।
मताधिकार संघर्ष से मिली लोकतांत्रिक अधिकार की अहमियत
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनसंपर्क अधिकारी एवं स्वीप सह प्रभारी श्री सुरेश बिश्नोई ने सभी से बिना किसी प्रलोभन अथवा दबाव के निष्पक्ष एवं स्वतंत्र रूप से मतदान करने की अपील की। उन्होंने बताया कि पूर्व में ब्रिटेन और अमेरिका जैसे देशों में भी मतदान का अधिकार सीमित वर्ग तक ही था। भारत की आजादी के बाद संविधान ने सभी को मताधिकार प्रदान किया। उन्होंने मताधिकार की इस ऐतिहासिक उपलब्धि तथा लोकतंत्र में एक-एक वोट के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।
पहले मतदान, फिर बाकी काम का दिया संदेश
महिला एवं बाल विकास विभाग की सीडीपीओ बीकानेर शहर श्रीमती राजेश कंवर ने सभी को मतदान की शपथ दिलाई। साथ ही धन्यवाद ज्ञापित करते हुए महिलाओं से आह्वान किया कि वे मतदान के दिन सबसे पहले अपने परिवार के साथ मतदान करें और इसके बाद अन्य कार्य करें। उन्होंने आसपास के लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने तथा एक-एक वोट की कीमत समझने का संदेश दिया।
स्वीप गतिविधियों और वोट की ताकत की दी जानकारी
इससे पूर्व कार्यक्रम के सह प्रभारी एवं जिला परिषद के आईईसी समन्वयक गोपाल जोशी ने स्वीप के तहत आयोजित की जाने वाली विभिन्न मतदाता जागरूकता गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने सभी से अपने मताधिकार का प्रयोग करने तथा अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने की अपील की।महिला अधिकारिता विभाग की प्रचेता श्रीमती विजय लक्ष्मी जोशी ने कार्यक्रम का संचालन किया।
महिला कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
कार्यक्रम में स्वीप टीम के भवानी सोलंकी, हेमराज बिजारणिया, महिला पर्यवेक्षक श्रीमती कल्पना, श्रीमती मंजूला, श्रीमती मंजू एवं श्रीमती अनुराधा, महिला अधिकारिता विभाग की महिला पर्यवेक्षक श्रीमती रश्मि, महिला सुरक्षा एवं सलाह केन्द्र के स्टॉफ, पन्नाधान सुरक्षा सम्मान केन्द्र की प्रबंधक श्रीमती कविता सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं एवं साथिनें समेत अन्य महिलायें मौजूद रहीं।
======
