ई-बसों में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग:-भंवर पुरोहित ने सौंपा ज्ञापन
ई-बसों में स्थानीय युवाओं को रोजगार देने की मांग:-भंवर पुरोहित ने सौंपा ज्ञापन


बीकानेर, 06 मई । बीकानेर में ई-बसों के संचालन को लेकर स्थानीय युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की मांग तेज हो गई है। सर्व कामगार सेवा संघ, राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष भंवर पुरोहित के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल ने नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनिचामी को इस संबंध में ज्ञापन सौंपा। संघ की मुख्य मांग है कि ई-बसों के संचालन हेतु स्वीकृत पदों पर स्थानीय शिक्षित बेरोजगारों को प्राथमिकता दी जाए।


भंवर पुरोहित ने जानकारी देते हुए बताया कि राज्य स्तर पर ई-बसों के सुचारू संचालन के लिए विभिन्न कैडरों के कुल 209 पदों पर भर्ती की प्रशासनिक स्वीकृति मिल चुकी है। उन्होंने आयुक्त से आग्रह किया कि इन पदों पर बीकानेर शहर के नौजवानों को उनकी शैक्षणिक और तकनीकी योग्यता के आधार पर भर्ती में शामिल किया जाए। इससे न केवल शहर की परिवहन व्यवस्था सुधरेगी, बल्कि स्थानीय युवाओं को अपने ही शहर में रोजगार के बेहतर अवसर भी प्राप्त होंगे।


ज्ञापन सौंपने के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने इस बात पर जोर दिया कि भर्ती प्रक्रिया में योग्यता ही मुख्य पैमाना होना चाहिए। इस अवसर पर संघ के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमेश चंद्र उपाध्याय, प्रदेश महामंत्री आर एस हर्ष, प्रदेश मंत्री धन्नादास, सुभाष पुरोहित सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

