श्री कृष्ण-रुक्मणी विवाह के उत्सव में झूमे श्रद्धालु, सचेतन झांकी ने मोहा मन

श्री कृष्ण-रुक्मणी विवाह के उत्सव में झूमे श्रद्धालु, सचेतन झांकी ने मोहा मन
mmtc 31 oct 2026
क्विक जेप्स विज्ञापन 13 oct 2026
  • बीकानेर में विष्णु पुराण कथा

बीकानेर, 24 मई। ‘छोटी काशी’ के नाम से विख्यात बीकानेर की पावन धरा पर इन दिनों भक्ति की अविरल धारा बह रही है। धर्मनगर द्वार स्थित रताणी व्यास बगीची में पहली बार आयोजित हो रही ‘विष्णु पुराण कथा’ के छठे दिन आज भगवान श्री कृष्ण और माता रुक्मणी के विवाह का प्रसंग अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

विष्णु पुराण कथा आयोजन समिति के सदस्य गिरधर स्वामी और सुरेश चांडक ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि मरुनायक व्यास पीठाधीश्वर पंडित भाईश्री के मुखारविंद से कथा का वाचन प्रतिदिन दोपहर 1:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक किया जा रहा है।

pop ronak
bhikharam chandmal advertisment change 24 oct 2026

ईश्वर के निमित्त किया दान मिलता है चौगुना: पंडित भाईश्री
समिति सदस्य बृजमोहन बिहानी ने बताया कि छठे दिन की कथा में व्यास जी महाराज ने विष्णु पुराण के गूढ़ प्रसंगों की व्याख्या की। उन्होंने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि ईश्वर के निमित्त और निस्वार्थ भाव से किया गया दान-पुण्य जीव को इस लोक और परलोक में चौगुना होकर प्राप्त होता है। उन्होंने भक्ति मार्ग में सेवा और दान के महत्व पर विशेष बल दिया।

रुक्मणी विवाह की मनोहारी झांकी और भजनों की गंगा
कथा का मुख्य आकर्षण भगवान श्री कृष्ण और रुक्मणी विवाह का प्रसंग रहा। समिति प्रवक्ता पवन कुमार राठी के अनुसार, विवाह उत्सव के दौरान एक भव्य सचेतन झांकी निकाली गई, जिसमें रिया कछावा ने भगवान श्री कृष्ण का स्वरूप धारण किया। लक्षिता रानी राठी ने माता रुक्मणी का पात्र निभाकर भक्तों का मन मोह लिया।

जैसे ही भगवान का विवाह संपन्न हुआ, समूचा पाण्डाल पुष्प वर्षा और जयकारों से गूंज उठा। संगीतकार रमण सांखला और नवीन आचार्य की टीम ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी, जिससे उपस्थित श्रद्धालु झूमने पर मजबूर हो गए। आज के मुख्य यजमान गणेश सेवग द्वारा विधि-विधान से मंडप पूजन संपन्न कराया गया।

भक्तों के लिए शीतल पेय और सुव्यवस्थित प्रबंध
भीषण गर्मी को देखते हुए आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। समिति सदस्य मूल सिंह राठौड़ ने जानकारी दी कि पाण्डाल में कूलर और एसी (AC) के साथ-साथ भक्तों के लिए शीतल जल, ठंडी लस्सी, छाछ, शरबत और कोल्ड ड्रिंक की निरंतर व्यवस्था की गई है। प्रतिदिन आरती के पश्चात सभी भक्तों को विशेष प्रसाद वितरित किया जाता है।

इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में योगेश बिस्सा, बृज गोपाल बोहरा, तेजकरण चूरा, दीपक व्यास, अमित गुप्ता, आसाराम सांखला, गणेश मूंधड़ा, गिरिराज बिहाणी और हरिमोहन दम्माणी सहित पूरी टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है।

 

adv change on 24 oct 2026