वयोवृद्ध रोटेरियन चंपालाल डागा की श्रद्धांजलि सभा रविवार को गंगाशहर में

वयोवृद्ध रोटेरियन चंपालाल डागा की श्रद्धांजलि सभा रविवार को गंगाशहर में
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025
STBA 5 JUNE 2026

बीकानेर (गंगाशहर), 27 जून । वयोवृद्ध रोटेरियन, प्रख्यात समाजसेवी तथा अखिल भारतीय साधुमार्गी जैन संघ के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष चंपालाल डागा के अरिहंत शरण (निधन) होने पर कल रविवार को सायं 5:00 बजे एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया जाएगा। यह सभा नई लाइन गंगाशहर के धापू देवी डागा मार्ग पर स्थित डागा गेस्ट हाउस के प्रांगण में संपन्न होगी। इससे पूर्व शनिवार को आयोजित उठावने के कार्यक्रम में जैन समाज के पदाधिकारियों, रोटरी क्लब, जैन यूथ क्लब सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने शिरकत कर उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। शोक संतप्त परिजनों ने शनिवार को गंगाशहर स्थित जैन मंदिर में दर्शन-वंदन करने के पश्चात भीनासर के जैन जवाहर विद्यापीठ पहुंचकर मुनिवृंद के मुखारविंद से पावन मंगल पाठ का श्रवण किया।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

उल्लेखनीय है कि नई लेन ओसवाल पंचायती न्यास (गंगाशहर) के अध्यक्ष, साधुमार्गी जैन संघ की राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित पत्रिका ‘श्रमणोपासक’ के पूर्व संपादक तथा गंगाशहर में आचार्यश्री नानेश रोटरी नेत्र अस्पताल व डायलिसिस सेंटर के मुख्य संस्थापक चंपालाल डागा का गत 24 जून को बैंगलोर में 85 वर्ष की आयु में निधन हो गया था। उनका अंतिम संस्कार भी परिजनों द्वारा बैंगलोर में ही विधि-विधान से संपन्न किया गया। अपने जीवनकाल में समाजसेवा की अनूठी मिसाल पेश करने वाले डागा ने मरणोपरांत नेत्रदान कर जाते-जाते भी दो लोगों के जीवन में शिक्षा और रोशनी का उजियारा फैलाया।

pop ronak

स्वर्गीय डागा के भाई जयचंद लाल, कमल चंद, विमल चंद, पुत्र अशोक, अरुण, अनिल, दामाद एवं पूर्व पार्षद सुनील बांठिया सहित परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाने के लिए समाज की कई बड़ी हस्तियां गंगाशहर पहुंची हैं। अखिल भारतीय साधुमार्गी जैन संघ के पूर्व अध्यक्ष रिद्धकरण सिपानी, जैन महासभा के अध्यक्ष कन्हैयालाल बोथरा, जैन पाठशाला सभा के अध्यक्ष विजय कोचर, जैन श्वेताम्बर खरतरगच्छ संघ के अध्यक्ष अजीत सिंह खजांची, जैसलमेर के पूर्व विधायक सांग सिंह भाटी, शांत क्रांत संघ के पूर्व कोषाध्यक्ष जयचंद लाल सुखानी तथा भगवान श्री पार्श्वनाथ मंदिर जीर्णोंद्धार ट्रस्ट के अध्यक्ष धनपत सिंह बांठिया सहित जैन श्वेताम्बर तेरापंथ, तपागच्छ व पार्श्वचन्द्र गच्छ संप्रदाय के सैकड़ों श्रावकों ने स्वर्गीय डागा के धार्मिक व परोपकारी कार्यों का स्मरण किया। इस बीच, क्षेत्रीय सांसद एवं केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने भी दिवंगत आत्मा के पैतृक निवास स्थान पर पहुंचकर शोक संतप्त डागा परिवार से मुलाकात की और अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

sesumo school
sjps