अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बीकानेर में विभिन्न जगहों पर मनाया गया

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बीकानेर में विभिन्न जगहों पर मनाया गया
shreecreates
quicjZaps 15 sept 2025
STBA 5 JUNE 2026
  • तकनीकी विश्वविद्यालय में योग, संस्कृति और स्वास्थ्य चेतना का संगम में 200 से अधिक सदस्यों की रही भागीदारी

बीकानेर , 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय द्वारा इंजीनियरिंग कॉलेज बीकानेर परिसर स्थित पार्क में भव्य योग एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। “स्वस्थ आयु के लिए योग” विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में विश्वविद्यालय एवं महाविद्यालय के 200 से अधिक संकाय सदस्यों, कर्मचारियों तथा विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि स्वामी विमर्शानंदगिरि जी महाराज, अधिष्ठा, लालेश्वर महादेव मंदिर, शिवबाड़ी थे। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान युग में केवल तकनीकी शिक्षा ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों को आध्यात्मिक एवं मानवीय मूल्यों की शिक्षा भी प्राप्त करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक, बौद्धिक एवं आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाता है। योग के माध्यम से जीवन में अनुशासन, आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच एवं आत्मिक शांति का विकास होता है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दैनिक जीवनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

pop ronak

कार्यक्रम की अध्यक्षता बीकानेर तकनीकी विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अखिल रंजन गर्ग ने की। उन्होंने कहा कि योग केवल एक व्यायाम पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की वैज्ञानिक कला है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को अनेक शारीरिक एवं मानसिक समस्याओं से दूर रखता है तथा जीवन में ऊर्जा, उत्साह और कार्यक्षमता का संचार करता है। उन्होंने सभी उपस्थितजनों से योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आग्रह किया।

बतौर विशिष्ट अतिथि मंच पर आचार्य राजेंद्र जोशी उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासनों, प्राणायाम, ध्यान एवं श्वास संबंधी क्रियाओं का अभ्यास करवाया तथा इनके स्वास्थ्य लाभों की विस्तृत जानकारी दी। उनके निर्देशन में उपस्थित सभी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से योगाभ्यास कर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की भावना को साकार किया।

कार्यक्रम के दौरान ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन सहित विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान सत्र आयोजित किए गए। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह एवं अनुशासन के साथ इन गतिविधियों में सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ, निरोग एवं संतुलित जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना था। योग सत्र के पश्चात वीणा नृत्य अकादमी द्वारा आकर्षक सांगीतिक प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्होंने कार्यक्रम में सांस्कृतिक रंग भर दिए। संगीत कार्यक्रम का प्रभावी संचालन वीणा जोशी द्वारा किया गया। उनकी प्रस्तुति एवं संचालन ने उपस्थितजनों को विशेष रूप से प्रभावित किया।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. नरपत सिंह ने बताया कि इस आयोजन में 200 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया तथा योग के माध्यम से स्वस्थ भारत के निर्माण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों और कर्मचारियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए समय-समय पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। इस दौरान बीटीयु के वित्त नियंत्रक हनुमान प्रसाद, ईसीबी रजिस्ट्रार डॉ. अमित सोनी, व चेना राम इत्यादि उपस्थित रहे l

कार्यक्रम के सफल आयोजन में अनु शर्मा, अंकुर गोस्वामी, ऋतुराज सोनी, देवेन्द्र तिवारी, अजय चौधरी, सतीश महला एवं इंदु भूरिया ने महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका निभाई। इनके समन्वय, सहयोग एवं सक्रिय सहभागिता से कार्यक्रम सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। अंत में सभी प्रतिभागियों ने नियमित योगाभ्यास करने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग के संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुँचाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम ने योग, स्वास्थ्य, संस्कृति और सकारात्मक जीवन मूल्यों के प्रति जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया।

============

VA मार्शल आर्ट अकादमी द्वारा VAMAthon 2026 का सफल आयोजन, योग और फिटनेस गतिविधियों से दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

बीकानेर, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर बीकानेर की VA मार्शल आर्ट अकादमी द्वारा ‘VAMAthon 2026’ का सफल आयोजन बेहद उत्साह और उमंग के साथ किया गया। इस विशेष कार्यक्रम की शुरुआत एक दौड़ (Run) के साथ हुई, जिसमें अकादमी के छात्र-छात्राओं और युवा खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। दौड़ के संपन्न होने के बाद स्टेडियम परिसर में सामूहिक योग एवं विभिन्न फिटनेस गतिविधियों का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने अपनी शारीरिक क्षमता और अनुशासन का प्रदर्शन किया।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य नई पीढ़ी और युवाओं में स्वास्थ्य, योग, आत्मरक्षा और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों ने नियमित योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करने और एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया। अकादमी के मुख्य प्रशिक्षक सेंसेई विवेक अग्रवाल ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए योग एवं नियमित व्यायाम के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एक स्वस्थ शरीर और संतुलित मन ही जीवन के हर क्षेत्र में सफलता की असली आधारशिला हैं। मार्शल आर्ट के साथ योग का समन्वय मानसिक एकाग्रता को दोगुना कर देता है।

कार्यक्रम के समापन सत्र में अकादमी के अध्यक्ष आशीष गर्ग द्वारा सभी उत्कृष्ट प्रतिभागियों को प्रोत्साहन स्वरूप प्रमाण-पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने पूरे आयोजन के दौरान विद्यार्थियों द्वारा दिखाए गए कड़े अनुशासन और उत्साह की सराहना की। इस अवसर पर अकादमी के वरिष्ठ पदाधिकारी, प्रशिक्षक, बड़ी संख्या में अभिभावक तथा खेल प्रेमी उपस्थित रहे। पूरा कार्यक्रम युवाओं को एक स्वस्थ, सक्रिय एवं अनुशासित जीवन जीने के प्रेरणादायी संदेश के साथ संपन्न हुआ।

=============================

एनआरसीसी में उत्साहपूर्वक मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस; ‘रन फॉर कैमल’ और ‘योगा विद कैमल’ रहे मुख्य आकर्षण

बीकानेर, 21 जून 2026। भाकृअनुप-राष्ट्रीय उष्ट्र अनुसंधान केन्द्र (एनआरसीसी), बीकानेर एवं बीकानेर रन क्लब (बीआरसी) के संयुक्त तत्वावधान में केन्द्र के कृषि वानिकी परिक्षेत्र में 12वाँ अंतरराष्ट्रीय योग दिवस बेहद उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। इस विशेष अवसर पर केन्द्र के कार्मिकों, उनके परिजनों तथा बीआरसी के सदस्यों सहित लगभग 300 प्रतिभागियों ने सामूहिक योगाभ्यास में भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान योग प्रशिक्षकों द्वारा ताड़ासन, वृक्षासन, अर्द्धचक्रासन, त्रिकोणासन, उष्ट्रासन, उत्तानपादासन, पवनमुक्तासन, वज्रासन, शवासन सहित कपालभाति, भ्रामरी, शीतली एवं अनुलोम-विलोम प्राणायाम का गहन अभ्यास कराया गया। इस दौरान शौर्य एवं प्रगति ने योग क्रियाओं का प्रभावशाली प्रदर्शन कर सभी को आकर्षित किया।

कार्यक्रम के अध्यक्ष एवं केन्द्र के निदेशक डॉ. अनिल कुमार पूनिया ने सभी को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए बताया कि इस वर्ष की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग (स्वस्थ एवं सक्रिय दीर्घायु जीवन के लिए योग)” निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि योग व्यक्ति को अनुशासित जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा देता है तथा शारीरिक स्वास्थ्य के साथ मानसिक शांति, सकारात्मकता एवं कार्यक्षमता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। समारोह में पतंजलि योगपीठ (हरिद्वार) की राज्य कार्यकारिणी सदस्य एवं योग गुरु सुश्री स्नेहा नारंग ने प्रतिभागियों को योगासन करवाए और शरीर, मन एवं प्रकृति के मध्य संतुलन स्थापित करने के गुर सिखाए। वहीं बीकानेर रन क्लब के संस्थापक ईशान शर्मा ने युवाओं से योग को दिनचर्या में शामिल कर शारीरिक व मानसिक रूप से सशक्त बनने का आह्वान किया।

आयोजन सचिव दिनेश मुंजाल एवं डॉ. बी. श्रीशैलम ने बताया कि योग दिवस के उपलक्ष्य में प्रातःकाल ‘रन फॉर कैमल’ तथा इसके पश्चात ‘योगा विद कैमल’ जैसे विशेष आकर्षक सत्र आयोजित किए गए, जिन्होंने प्रतिभागियों को योग, प्रकृति एवं ऊँट धरोहर से जोड़ने का अनूठा अवसर प्रदान किया। इसके साथ ही प्रतिभागियों को भारत सरकार के ‘खेत बचाओ अभियान’ से भी जोड़ा गया तथा वैज्ञानिकों ने प्राकृतिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सह-आयोजन सचिव डॉ. राजेन्द्र कुमार, डॉ. मितुल बुंबडिया व डॉ. एंटोनी जॉनसन तथा समन्वयकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। इस अवसर पर डॉ. मोनिका पूनिया, सुश्री निशा थिरानी, श्री गौरव मूंधडा़, श्री सुनील बिश्‍नोई सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

===============

तेयुप गंगाशहर का “YogaSeHoga 3.O.” अभियान संपन्न; मुनिश्री अमृत कुमार के सान्निध्य में युवाओं ने सीखा योग

बीकानेर (गंगाशहर), 21 जून 2026। अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद (एबीटीवाईपी) के निर्देशन में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को बोथरा भवन, गंगाशहर में “YogaSeHoga 3.O.” अभियान का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मुनिश्री अमृत कुमार जी के पावन सान्निध्य में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और समाज के विभिन्न वर्गों ने भाग लिया। तेयुप मंत्री दिनेश कुमार सोनी ने बताया कि इस देशव्यापी अभियान का मुख्य उद्देश्य समाज में योग, उत्तम स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। कार्यक्रम में जैन श्वेताम्बर तेरापंथ धर्मसंघ के एकादशम अधिशास्ता आचार्य श्री महाश्रमणजी के संयम, साधना एवं स्वास्थ्य-संवर्धन संबंधी प्रेरणादायी संदेशों को दोहराते हुए योग के माध्यम से आत्मिक एवं शारीरिक विकास का संकल्प लिया गया।

अभियान के तहत तेयुप उपाध्यक्ष रोशन नाहटा ने उपस्थित संभ्रांत नागरिकों और युवाओं को विभिन्न योगासन, प्राणायाम तथा शारीरिक क्रियाओं का गहन अभ्यास कराया। इस अवसर पर अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन मांडोत ने अपने संदेश में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसे प्रत्येक युवा को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाना चाहिए। वहीं राष्ट्रीय महामंत्री सौरभ पटावरी ने परिषद की सभी शाखाओं के युवाओं को ‘पहला सुख निरोगी काया’ के सिद्धांत को जीवन में संकल्पित करने की विशेष प्रेरणा दी।

तेयुप गंगाशहर के अध्यक्ष देवेन्द्र डागा ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत योगाभ्यास के साथ-साथ स्वास्थ्य जागरूकता से जुड़ी कई अन्य गतिविधियाँ भी आयोजित की गईं, जिनमें सामूहिक सहभागिता सराहनीय रही। इस वृहद आयोजन को सफल बनाने में ‘फिट युवा हिट युवा’ आयाम के समन्वयक रोशन छाजेड़, प्रभारी धीरज जैन और सह प्रभारी ललित बरडिया का विशेष श्रम नियोजित हुआ। अंत में परिषद के ऊर्जावान कार्यकर्ताओं ने सभी उपस्थित सहभागियों से निरंतर योग अपनाने और एक स्वस्थ व सशक्त भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

==================

शहीद भगत सिंह पार्क में मनाया गया विश्व योग दिवस, राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी योगसाधक संजय गंगवाल ‘योगगुरु अलंकरण’ से सम्मानित

बीकानेर, 21 जून। सुदर्शना नगर स्थित शहीद भगत सिंह पार्क में रविवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भव्य योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शहीद भगत सिंह पार्क विकास समिति के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में सभी आयु वर्ग के पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया। समिति के सचिव शंकर सेवग ने बताया कि राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी एवं योगसाधक संजय गंगवाल ने उपस्थित साधकों को लगभग 60 मिनट तक योग की विभिन्न विधाओं का सघन अभ्यास कराया। उन्होंने सूक्ष्म शारीरिक व्यायाम के साथ-साथ सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, ताड़ासन, उत्तानपादासन, पवनमुक्तासन और कंधरासन सहित कई महत्वपूर्ण आसन करवाए।

योगाभ्यास के दौरान साधकों को संबोधित करते हुए संजय गंगवाल ने कहा कि स्वस्थ शरीर, शांत मन और सकारात्मक जीवनशैली के लिए प्रत्येक व्यक्ति को योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए। योग केवल एक शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने की एक अनुपम कला है। योग सत्र के सफलतापूर्वक संपन्न होने पर पार्क विकास समिति द्वारा संजय गंगवाल की नि:शुल्क एवं निरंतर सेवाओं के लिए उन्हें ‘योगगुरु अलंकरण’ से सम्मानित किया गया। समिति के सदस्य जसपाल अरोड़ा और मनीष जांगिड़ ने उन्हें पुष्पहार पहनाया, अध्यक्ष आनंद कुमार शुक्ला ने श्रीफल भेंट किया तथा एडवोकेट राजेश श्रीवास्तव एवं सुरेंद्र श्रीमाली ने शॉल ओढ़ाकर उनका बहुमान किया।

समिति के सचिव शंकर सेवग ने आयोजन में महिलाओं की सक्रिय और उत्साही भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 12 वर्ष पूर्व विश्व पटल पर जिस अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की नींव रखी थी, आज पूरा विश्व एक साथ मिलकर उसे मना रहा है और इस क्षेत्र में कई विश्व रिकॉर्ड बन रहे हैं। कार्यक्रम में पवन शर्मा, नवीन जांगिड़, जसपाल मेहता, दिव्या अरोड़ा, उर्मिला पाल, शांति लाल कोचर, पंकज जांगिड़ सहित बड़ी संख्या में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में कोषाध्यक्ष रजनीश गोयल ने सभी आगंतुकों और प्रतिभागियों का धन्यवाद ज्ञापित किया।

=================

महिला पतंजलि योग समिति बीकानेर द्वारा ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ थीम पर आयोजित किया शिविर

बीकानेर, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर महिला पतंजलि योग समिति राजस्थान की बीकानेर इकाई की ओर से एक विशेष योग शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राजस्थान राज्य सोशल मीडिया प्रभारी सुनीता गुर्जर और समिति की संरक्षिका डॉ. अजंता गहलोत के गरिमामय सानिध्य में संपन्न हुआ। इस शिविर में अग्रसर (अग्रणी) की भूमिका निभाते हुए कविता यादव, अंजली, परी, तपस्या और हृदया ने योग क्रियाओं का बेहतरीन प्रदर्शन किया और साधकों का मार्गदर्शन किया।

शिविर को संबोधित करते हुए राज्य सोशल मीडिया प्रभारी सुनीता गुर्जर ने योग साधकों को नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करना बेहद जरूरी है। वहीं, संरक्षिका डॉ. अजंता गहलोत ने इस वर्ष की योग थीम “स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग” पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक स्वस्थ और सम्मानजनक जीवन जीने के लिए हर आयु वर्ग के व्यक्ति को योग अपनाना चाहिए; क्योंकि यदि हम नियमित योग करेंगे, तभी पूर्ण रूप से स्वस्थ रह सकेंगे।

इस अवसर पर एक विशेष सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें पतंजलि योगपीठ, हरिद्वार से प्राप्त आधिकारिक प्रमाण पत्र योग शिक्षकों को प्रदान किए गए। कार्यक्रम में योग शिक्षिकाओं और साधिका बहनों के रूप में कमला, मीनू सोनी, सरिता, कुसुम, रचना, संतोष, नीलम, करुणा, भंवरी जी, कृष्णा, उषा, इंदू, साधना, यशोदा, भंवरी सहित बड़ी संख्या में महिला सदस्य उपस्थित रहीं। सभी ने सामूहिक रूप से योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया

================

राजकीय विधि स्नातकोत्तर महाविद्यालय में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय योग दिवस; छात्रा स्नेहा व्यास ने कराया योगाभ्यास

बीकानेर, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राजकीय विधि स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बीकानेर में रविवार को उत्साह और उमंग के साथ योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष कार्यक्रम में महाविद्यालय के शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और योगाभ्यास के जरिए स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। इस वर्ष के आयोजन की सबसे खास बात यह रही कि कॉलेज की ही छात्रा स्नेहा व्यास ने योग गुरु (प्रशिक्षक) की मुख्य भूमिका निभाई। स्नेहा ने उपस्थित सभी प्राध्यापकों और कर्मचारियों को विभिन्न योगासनों तथा प्राणायाम का गहन अभ्यास करवाया। साथ ही उन्होंने योग की सही विधियों व तकनीकों की जानकारी देते हुए नियमित अभ्यास के लाभों पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. भगवानाराम विश्नोई ने सभी कार्मिकों को संबोधित करते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं है, बल्कि यह स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की एक महान कला है। उन्होंने सभी को प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा योग करने की प्रेरणा दी और कहा कि नियमित योगाभ्यास से हमारे शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार होता है।

कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. मल्लिका परवीन ने भी योग के महत्व को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय की भागदौड़ भरी जिंदगी में योग तनाव मुक्ति, मानसिक शांति और एकाग्रता बढ़ाने का सबसे सशक्त एवं प्रभावी माध्यम है। योग भारतीय संस्कृति की वह अमूल्य धरोहर है, जिसे आज संपूर्ण विश्व बड़े चाव से अपना रहा है। सत्र के अंत में उपस्थित सभी कार्मिकों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने और एक स्वस्थ व सकारात्मक जीवन जीने का सामूहिक संकल्प लिया।

=============

 

 

sesumo school
sjps