संत रविदास समरसता रथों का जयपुर से शुभारंभ; बीकानेर देहात के पदाधिकारियों ने की सहभागिता
संत रविदास समरसता रथों का जयपुर से शुभारंभ; बीकानेर देहात के पदाधिकारियों ने की सहभागिता


बीकानेर, 05 अगस्त । संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में जयपुर के सवाई मानसिंह इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रदेश स्तरीय कलश वंदन एवं ‘सामाजिक समरसता रथ’ शुभारंभ कार्यक्रम में भाजपा बीकानेर देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया के नेतृत्व में जिला पदाधिकारियों ने सहभागिता की।


भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़, प्रदेश महामंत्री (संगठन) अजेय कुमार, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा तथा दिया कुमारी की गरिमामय उपस्थिति में 25 सामाजिक समरसता रथों को प्रदेश के 25 लोकसभा क्षेत्रों के लिए रवाना किया गया। इस अवसर पर वाराणसी से लाए गए पवित्र कलश बीकानेर जिला संयोजकों एवं जिलाध्यक्षों को सौंपे गए।


जिले की आठों विधानसभाओं में भ्रमण करेगा रथ
श्याम पंचारिया ने जानकारी दी कि बीकानेर लोकसभा क्षेत्र के लिए रवाना हुआ समरसता रथ जिले की आठों विधानसभा क्षेत्रों में भ्रमण करेगा। यात्रा के दौरान रथ के साथ आए पवित्र कलशों का विभिन्न संत रविदास मंदिरों, महर्षि वाल्मीकि मंदिरों एवं अन्य धार्मिक व सामाजिक स्थलों पर पूजन-अर्चन किया जाएगा। यह रथ गांवों, नगर निकायों और मोहल्लों में पहुंचकर संत रविदास जी के विचारों तथा सामाजिक समरसता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएगा।
विधानसभा स्तर पर नियुक्त किए गए प्रभारी
अभियान के जिला संयोजक कुंभाराम सिद्ध ने बताया कि इस अभियान के सुचारु संचालन हेतु विधानसभा स्तर पर प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। प्रत्येक स्थान पर रथ एवं कलश का भव्य स्वागत और पूजन किया जाएगा, जो समाज में एकता, भाईचारे और समरसता को सुदृढ़ करने का काम करेगा।
जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी के अनुसार, जयपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में जिला सह संयोजक भोजराज मेघवाल, ओबीसी मोर्चा प्रदेश महामंत्री भंवर जांगिड़, ओबीसी मोर्चा प्रदेश कोषाध्यक्ष विनोद गिरि गोस्वामी सहित बीकानेर देहात के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


