रोटरी रॉयल प्रीमियर लीग का भव्य आगाज, पहले दिन चार मुकाबले
रोटरी रॉयल प्रीमियर लीग का भव्य आगाज, पहले दिन चार मुकाबले

- प्रांतपाल सीए बृजमोहन अग्रवाल और DGN मनीष तापड़िया ने किया शुभारंभ, 12 टीमें लेंगी हिस्सा
बीकानेर, 16 अक्टूबर । रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स की ओर से आयोजित रोटरी रॉयल प्रीमियर लीग (RRPL) 2026 का शुभारंभ प्रांतपाल सीए बृजमोहन अग्रवाल और डिस्ट्रिक्ट गवर्नर नॉमिनी (DGN) मनीष तापड़िया की उपस्थिति में हुआ।


सहायक प्रांतपाल रोटे आनंद आचार्य ने बताया कि RRPL का उद्देश्य खेल के माध्यम से रोटरी सदस्यों और समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ना है। इस आयोजन के जरिए खेल भावना, आपसी सहयोग और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि लाइव प्रसारण के माध्यम से बीकानेर के बाहर रहने वाले क्रिकेट प्रेमी भी मुकाबले देख सकते हैं।


क्लब अध्यक्ष विपिन लड्ढा ने बताया कि प्रतियोगिता के पहले दिन चार मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने दमदार बल्लेबाजी और गेंदबाजी से दर्शकों का ध्यान खींचा। टूर्नामेंट में 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं। आयोजन में क्रिकेट के तकनीकी पक्ष पर भी ध्यान दिया गया है। मैचों के लाइव प्रसारण के लिए चार कैमरों की व्यवस्था की गई है। राष्ट्रीय स्तर के कमेंटेटर कपिल हर्ष कमेंट्री कर रहे हैं, वहीं तकनीकी अंपायर टीम मैचों का संचालन कर रही है।
आयोजन प्रभारी रोटे देवेंद्र तंवर ने बताया कि प्रतियोगिता में 12 टीमों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा रहे हैं। मैचों को व्यवस्थित ढंग से कराने के लिए तकनीकी व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्होंने कहा कि आयोजन में खेल के साथ अनुशासन और टीम भावना को भी महत्व दिया जा रहा है।
आयोजन सह-प्रभारी रोटे सुरेंद्र जोशी ने बताया कि RRPL के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा का अवसर देने के साथ रोटरी की सेवा भावना को आमजन तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
पहले दिन के परिणाम
जय भैरवनाथ क्रिकेट क्लब की जीत: पहले मुकाबले में जय भैरवनाथ क्रिकेट क्लब और सिप वाला नाइट राइडर्स के बीच मैच खेला गया। टॉस प्रांतपाल सीए बृजमोहन अग्रवाल ने कराया। जय भैरवनाथ क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। सिप वाला नाइट राइडर्स ने 10 ओवर में 60 रन बनाए। जवाब में जय भैरवनाथ क्रिकेट क्लब ने नौ ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। सुनील मलिंगा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
नाइट आउट की जीत: दूसरे मुकाबले में नाइट आउट ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 10 ओवर में 88 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी भव्य रॉयल्स की टीम 55 रन ही बना सकी। नाइट आउट ने मैच जीत लिया। जुबेर खान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
राय स्ट्राइकर्स की एक रन से जीत: तीसरे मुकाबले में राय स्ट्राइकर्स और NLJCF वॉरियर्स आमने-सामने रहे। राय स्ट्राइकर्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 97 रन बनाए। जवाब में NLJCF वॉरियर्स की टीम 96 रन ही बना सकी। इस प्रकार राय स्ट्राइकर्स ने एक रन से जीत दर्ज की। सचिन सेन को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
राधे-राधे की जीत: चौथे मुकाबले में राधे-राधे ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 91 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी आदित्य कैपिटल की टीम 49 रन पर सिमट गई। राधे-राधे ने मुकाबला अपने नाम किया। रूपाराम जाट को मैन ऑफ द मैच चुना गया।
रोटरी क्लब ऑफ बीकानेर रॉयल्स के अध्यक्ष रोटे विपिन लड्ढा ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और आयोजन से जुड़े सदस्यों की सराहना की। क्लब सचिव रोटे जगदीप ओबेरॉय और कोषाध्यक्ष रोटे राजेश खत्री ने भी प्रतियोगिता के संचालन में सहयोग दिया।
कार्यक्रम में आदित्य कैपिटल एंड फाइनेंशियल सर्विसेज के संचालक हेमंत आसोपा, वार्ड 41 के पार्षद अश्विनी मिड्ढा सहित रोटरी रॉयल्स के सदस्य विनय बिस्सा, पुष्पेंद्र सिंह, नीरज सिंह, मोहित सिंह, राजेश बावेजा, मुरली पंवार, ऋषि धामू, राकेश खत्री, डॉ. राकेश माथुर और संदीप खरे सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
प्रतियोगिता के आगामी मुकाबलों का लाइव प्रसारण भी किया जाएगा। क्रिकेट प्रेमी इस लिंक https://www.youtube.com/live/Hg6CO6Clr7A?si=Ji-aCpYLAomFHeT9 पर मैच देख सकते हैं।

