बीकानेर के सरकारी समाचार

bikaner govt news बीकानेर के सरकारी समाचार
quicjZaps 15 sept 2025
STBA 5 JUNE 2026
  • मानसून पूर्व तैयारियों को लेकर जिला कलेक्टर ने निगम व बीडीए अधिकारियों ली समीक्षा बैठक
  • मानसून से पूर्व नालों की सफाई एवं जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने के दिए निर्देश

बीकानेर, 5 जून। आगामी मानसून को देखते हुए जिला कलेक्टर निशांत जैन ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में नगर निगम एवं बीकानेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की बैठक लेकर शहर में जलभराव की संभावित स्थिति से निपटने के लिए की जा रही तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को मानसून आगमन से पूर्व सभी प्रमुख नालों एवं नालियों की सफाई कार्य समयबद्ध रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए।

indication
L.C.Baid Childrens Hospiatl

जिला कलेक्टर ने कहा कि वर्षा के दौरान शहर में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने विशेष रूप से उन स्थानों की पहचान कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जहां पूर्व वर्षों में जलभराव की स्थिति बनी रही है।

pop ronak

बैठक में जिला कलेक्टर ने नगर निगम एवं बीकानेर विकास प्राधिकरण के अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए ड्रेनेज सिस्टम की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सफाई कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने तथा प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए। जिला कलेक्टर ने कहा कि मानसून से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

इससे पूर्व निगम आयुक्त श्री सिद्धार्थ पलानीचामी व निगम के अधीक्षण अभियंता श्री चिराग गोयल ने शहर के जल भराव वाले प्रमुख स्थानों वल्लभ गार्डन,निगम के सामने,सुजानदेसर, खुदखुदा आश्रम, कोठारी हॉस्पिटल के पास,ढोला मारू के पास, माणक गेस्ट हाउस, किसमीदेसर, गंगाशहर रोड़, चौखूंटी पुलिया,कोटगेट, पुलिस लाइन चौराहा, जयपुर रोड़ पर सोफिया स्कूल के सामने इत्यादि जगहों पर बारिश से पूर्व लघु अवधि में किए जाने वाले व दीर्घकालिक किए जाने वाले कार्यों के बारे में जिला कलेक्टर को विस्तार से जानकारी दी।साथ ही बताया कि शहर के प्रमुख नालों की सफाई के टेंडर हो चुके। नालों की सफाई का कार्य चल रहा है।

बैठक में नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी, एडीएम प्रशासन उम्मेद सिंह रतनू,एसडीएम बीकानेर आईएएस सुश्री महिला कसाना, निगम उपायुक्त श्रीमती सुमित्रा बिश्नोई, श्रीमती दमयंती कंवर, सचिव जगमोहन हर्ष,बीडीए अधिशाषी अभियंता श्रीमती वंदना शर्मा, हाउसिंग बोर्ड के आवासीय अभियंता उस्मान गनी समेत अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
====
मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने किया जल संरक्षण कार्यों का अवलोकन
विश्व पर्यावरण दिवस पर किया फलदार पौधों का रोपण

बीकानेर, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला परिषद बीकानेर की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे ने कतरियासर का दौरा कर मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान के तहत संचालित जल संरक्षण एवं जल संवर्धन कार्यों का अवलोकन किया।

उन्होंने विभिन्न स्थलों पर पहुंचकर किए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति, उपयोगिता तथा ग्रामीण क्षेत्र में उनके प्रभाव की जानकारी ली।

इस दौरान मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने टांका, फार्म पॉन्ड तथा डिग्गी निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से इन कार्यों की वर्तमान स्थिति एवं लाभार्थियों को होने वाले लाभ के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने कहा कि जल संरक्षण के यह कार्य ग्रामीण क्षेत्रों में जल उपलब्धता बढ़ाने, भूजल स्तर सुधारने तथा कृषि गतिविधियों को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

श्रीमती पांडे ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल संरक्षण से जुड़े कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए तथा इनके दीर्घकालिक रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे आमजन को इनका अधिकतम लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा एक व्यापक अभियान है, जिसमें प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उन्होंने ग्राम क्षेत्र में फलदार पौधों का पौधारोपण भी किया तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिकाधिक वृक्ष लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण और वृक्षारोपण एक-दूसरे के पूरक हैं तथा सतत विकास के लिए दोनों आवश्यक हैं।

इस अवसर पर जलग्रहण विकास विभाग के अधीक्षण अभियंता महेश अजाड़ीवाल सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पर्यावरण संरक्षण एवं जल बचाने का संकल्प लिया।
======
वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन विभाग का जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

जल एवं पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश, कलश यात्रा, पौधारोपण के साथ वितरित किए पौधे

बीकानेर, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर वन विभाग, श्रीडूंगरगढ़ द्वारा ‘वन्दे गंगा जल संरक्षण जन अभियान’ के तहत जन-जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जल संरक्षण, पर्यावरण संवर्धन एवं वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए आमजन को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम में विधायक ताराचंद सारस्वत, उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा, सहायक वन संरक्षक सत्यपाल सिंह, विकास अधिकारी मनोज धायल, तहसीलदार एवं अधिशाषी अधिकारी नगरपालिका श्रीवर्धन शर्मा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ कृषि मंडी स्थित गणेश मंदिर से वन विभाग की रेंज नर्सरी तक निकाली गई कलश यात्रा से हुआ। यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कलश यात्रा के उपरांत अतिथियों ने पीपल वृक्ष का पूजन किया तथा प्रतीकात्मक वृक्षारोपण किया। सहायक वन संरक्षक सत्यपाल सिंह ने अतिथियों एवं उपस्थित नागरिकों का स्वागत करते हुए सभी को जल संरक्षण की सामूहिक शपथ दिलाई।

इस अवसर पर विधायक ताराचंद सारस्वत ने कहा कि जल का उपयोग मितव्ययता के साथ किया जाना चाहिए तथा वर्षा ऋतु में वृक्षारोपण को जन-आंदोलन का स्वरूप दिया जाना आवश्यक है। उन्होंने पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण एवं पुनरुद्धार को समय की आवश्यकता बताते हुए सभी विभागों एवं समाज के विभिन्न वर्गों से समन्वित प्रयास करने का आह्वान किया। उन्होंने वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में आपनों गांव सेवा समिति एवं गुरु जम्भेश्वर पर्यावरण संरक्षण संस्था द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणादायी बताया।

उपखंड अधिकारी श्री शुभम शर्मा ने कहा कि मानव और प्रकृति के बीच संतुलित सामंजस्य स्थापित करना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि परस्पर पूरक हैं तथा दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ना चाहिए। तहसीलदार एवं अधिशाषी अधिकारी नगरपालिका श्रीवर्धन शर्मा तथा विकास अधिकारी मनोज धायल ने भी पर्यावरण संरक्षण, जल बचत और वृक्षारोपण के महत्व पर विचार व्यक्त किए तथा जनसहभागिता को इस दिशा में सबसे प्रभावी माध्यम बताया।

कार्यक्रम के दौरान विधायक ताराचंद सारस्वत ने वन विभाग द्वारा संचालित अस्थायी वन्यजीव रेस्क्यू सेंटर का निरीक्षण किया तथा उपचाराधीन वन्यजीवों की स्थिति पर संतोष व्यक्त किया। कार्यक्रम के समापन पर वन विभाग द्वारा आमजन को निःशुल्क तुलसी के पौधों का वितरण किया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता का संदेश दिया गया।
======
विश्व पर्यावरण दिवस पर एसबीआई-आरसेटी में पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता रैली आयोजित

बीकानेर, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को एसबीआई-आरसेटी में पौधारोपण एवं पर्यावरण जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं वृक्षारोपण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर राजस्थान ग्रामीण बैंक के सहायक महाप्रबंधक श्री प्रवीण साहू एवं एसबीआई तिलक नगर शाखा के शाखा प्रबंधक श्री मनोज सैनी ने मौजूद रहे। श्री साहू ने आरसेटी का निरीक्षण किया तथा प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रतिभागियों से संवाद किया।

बीकानेर आरसेटी द्वारा स्वरोजगार एवं कौशल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने ऋण संबद्धता (क्रेडिट लिंकेज) के मामलों में पूर्ण सहयोग प्रदान करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि बैंकिंग सहयोग से प्रशिक्षित युवाओं को स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर बल देते हुए प्रतिभागियों से अधिकाधिक वृक्षारोपण करने तथा पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम के अंतर्गत पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया तथा जागरूकता रैली के माध्यम से आमजन को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
======
‘वंदे गंगा, जल संरक्षण जन अभियान’
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उद्यान विभाग द्वारा कृषि भवन परिसर में किया गया पौधारोपण
वन्दे गंगा जल संरक्षण की ली शपथ

बीकानेर, 5 जून। वंदे गंगा, जल संरक्षण जन अभियान के तहत विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर उद्यान विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा शुक्रवार को कृषि भवन परिसर में पौधारोपण किया गया तथा वंदे गंगा के अंतर्गत जल संरक्षण की शपथ ली गई।

इस अवसर पर सहायक निदेशक (उद्यान) मुकेश गहलोत ने विश्व पर्यावरण दिवस एवं वंदे गंगा अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जल संरक्षण एवं पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे महत्वपूर्ण आवश्यकता है। उन्होंने सभी को अधिकाधिक पौधारोपण करने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के अंतर्गत पूर्व तैयारियों एवं जन-जागरूकता बढ़ाने पर बल देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।

इस अवसर पर कृषि भवन परिसर में करंज, नीम, अशोक सहित विभिन्न उद्यानिकी एवं छायादार पौधों का पौधारोपण किया गया।

इस अवसर पर कृषि अधिकारी रमेश भांभू, जोधराज कालीराणा, विजय कुमार बलाई, आनंद हटीला, लक्ष्मण सिंह शेखावत, आरती, भंवरलाल, सूरजाराम सहित अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने अपने-अपने नाम से पौधारोपण किया।

सभी उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वंदे गंगा, जल संरक्षण अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण की शपथ ली और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
=======

विश्व पर्यावरण दिवस पर जिला परिषद परिसर में हुआ वृक्षारोपण

एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

बीकानेर, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जिला परिषद बीकानेर परिसर में ‘एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला परिषद बीकानेर की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे तथा विशिष्ट अतिथि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग के वित्तीय सलाहकार मोहम्मद मोहसीन खान ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस अवसर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे ने कहा कि ‘वृक्ष जीवन का आधार हैं और वृक्ष देव तुल्य हैं। पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस का संकल्प नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।’ उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के पावन पर्व को वृक्षारोपण से जोड़ने की यह पहल समाज में पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ाने का प्रभावी माध्यम बनेगी।

वित्तीय सलाहकार मो. मोहसीन खान ने कहा कि वर्तमान समय में जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिकाधिक वृक्षारोपण आवश्यक है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पौधे लगाने के साथ उनके संरक्षण का भी संकल्प लेने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने पौधों की देखभाल एवं संरक्षण का संकल्प लिया। वक्ताओं ने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण को संतुलित रखते हैं, बल्कि मानव जीवन, जैव विविधता और जल संरक्षण के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ‘एक पेड़ लोकतंत्र के नाम’ अभियान के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और जनभागीदारी को नई दिशा मिलेगी।

इस अवसर पर अति मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती प्रियंका तलानिया, मुख्य लेखाधिकारी श्रीमती चन्द्रकला, राजीविका के प्रभारी श्री दिनेश मिश्रा, अधीक्षण अभियंता श्री महेश अजाड़ीवाल सहित जिला परिषद के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण व मतदाता जागरूकता के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम का संचालन गोपाल जोशी ने किया।

===========

विवाद एवं शिकायत निवारण तंत्र की जिला स्तरीय समिति की बैठक 9 जून को

बीकानेर, 5 जून। विवाद एवं शिकायत निवारण तंत्र के तहत गठित जिला स्तरीय समिति की बैठक का आयोजन 9 जून को प्रातः 11 बजे जिला कलेक्टर निशांत जैन की अध्यक्षता में प्रातः 11 बजे कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में किया जाएगा। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के सदस्य सचिव एवं महाप्रबंधक ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से बैठक में अनुपालना प्रगति रिपोर्ट सहित बैठक में उपस्थित होने को कहा है।
====
जिले की 191 पात्र गौशालाओं को करीब 73 करोड़ रुपये के अनुदान का अनुमोदन

जिला गोपालन समिति की बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-26 के द्वितीय चरण के प्रस्ताव स्वीकृत
ज़िला कलेक्टर की अध्यक्षता में हुई ज़िला गोपालन समिति की बैठक

बीकानेर, 5 जून। जिले की 191 पात्र गौशालाओं को वित्तीय वर्ष 2025-26 के द्वितीय चरण (अक्टूबर 2025 से मार्च 2026) के लिए करीब 73 करोड़ रुपये के अनुदान का अनुमोदन किया गया है। यह निर्णय शुक्रवार को जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला गोपालन समिति की बैठक में लिया गया।

बैठक में समिति ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के द्वितीय चरण के अंतर्गत कुल 72 करोड़ 85 लाख 44 हजार 750 रुपये के अनुदान संबंधी प्रस्तावों का अनुमोदन किया। समिति के सदस्य सचिव एवं पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. बिरमा राम ने बताया कि जिले की कुल 191 पात्र गौशालाओं में संरक्षित 73 हजार 413 बड़े गौवंश एवं 15 हजार 154 छोटे गौवंश के लिए यह अनुदान स्वीकृत किया गया है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा बड़े गौवंश के लिए 50 रुपये प्रतिदिन तथा छोटे गौवंश के लिए 25 रुपये प्रतिदिन की दर से अनुदान प्रदान किया जाता है। इसी आधार पर छह माह की अवधि के लिए अनुदान राशि का निर्धारण किया गया है।

बैठक के दौरान जिला कलेक्टर श्री निशांत जैन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुमोदित प्रस्तावों की प्रशासनिक स्वीकृति तत्काल जारी की जाए तथा अनुदान राशि शीघ्र गौशालाओं को उपलब्ध करवाई जाए, ताकि गौवंश के संरक्षण एवं संवर्धन संबंधी गतिविधियां निर्बाध रूप से संचालित हो सकें।

बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिला परिषद श्रीमती शैलजा पांडे, कोषाधिकारी श्री धीरज जोशी, कृषि विभाग के संयुक्त निदेशक श्री मदन लाल, पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. बिरमा राम तथा वरिष्ठ पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आर.पी. चावला सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
=====
अनियमितताएं पाए जाने सात मेडिकल स्टोर्स के अनुज्ञापत्र निलंबित

बीकानेर, 5 जून। जांच के दौरान विभिन्न अनियमितताएं पाए जाने पर 7 मेडिकल स्टोर्स के अनुज्ञापत्र निलम्बित किए गए है।

अनुज्ञापन प्राधिकारी एवं सहायक औषधि नियंत्रक देवेंद्र कुमार केदावत ने बताया कि श्री राम हॉस्पिटल के पास सादुल कॉलोनी स्थित महेश मेडिकल स्टोर, मॉडर्न मार्केट स्थित ऋषभ मेडिकोज के अनुज्ञापत्र 11 जून एक दिन के लिए, शेरेरा स्थित महाकाल मेडिकल एंड जनरल स्टोर, जामसर स्थित कोहरी मेडिकल स्टोर के अनुज्ञापत्र 8 से 17 जून तक 10 दिनों के लिए, के. जी. कोम्पलेक्स के पास रानी बाजार स्थित श्री लक्ष्मी मेडिकोस एंड जनरल स्टोर, केसर देसर जाटान स्थित श्री गणेश मेडिकल एंड जनरल स्टोर के अनुज्ञापत्र 15 से 24 जून तक 10 दिनों के लिए, लालमदेसर स्थित श्री श्याम मेडिकल स्टोर के अनुज्ञापत्र 5 से 19 जून तक 15 दिनों के लिए निलंबित कर दिए गए हैं।
======
विश्व पर्यावरण दिवस पर अक्षय पात्र फाउंडेशन में किया पौधारोपण

बीकानेर, 5 जून। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा पर्यावरण संरक्षण एवं जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए वृक्षारोपण किया गया। अक्षय पात्र फाउंडेशन द्वारा प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना के अंतर्गत बीकानेर में प्रतिदिन लगभग 20 हजार बच्चों को गर्म, ताजा एवं पौष्टिक मध्यान्ह भोजन उपलब्ध कराती है।

कार्यक्रम में मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री महेंद्र कुमार शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी श्री किशनदान चारण, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक श्री कृष्ण कुमार बिश्नोई तथा डाइट कॉलेज के प्राचार्य श्री प्रवीण खत्री ने पौधारोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।

इस दौरान पर मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी श्री महेंद्र कुमार शर्मा ने कहा कि पर्यावरण सुरक्षा ही खाद्य सुरक्षा की आधारशिला है। स्वच्छ एवं स्वस्थ पर्यावरण न केवल प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण में सहायक है, बल्कि सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य प्रणाली के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण जैसी पहलें सतत विकास को बढ़ावा देने के साथ-साथ आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित एवं हरित भविष्य सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।
कार्यक्रम के दौरान परिसर में विभिन्न छायादार एवं पर्यावरण अनुकूल पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं सहभागियों ने पर्यावरण संरक्षण, हरित विकास एवं सतत भविष्य के निर्माण हेतु सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।

अक्षय पात्र फाउंडेशन ने इस अवसर पर यह संदेश दिया कि सुरक्षित भोजन की शुरुआत सुरक्षित पर्यावरण से होती है। प्रकृति का संरक्षण, खाद्य सुरक्षा तथा सतत विकास एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए इनका संरक्षण अत्यंत आवश्यक है।

इस अवसर पर अक्षय पात्र फाउंडेशन के प्रबंधक श्री चंपाराम चौधरी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में गुणवत्ता विभाग से श्री श्यो प्रकाश वर्मा सहित संजय कराना, रामाशंकर पाण्डेय, हेमंत कुमार, मनोज रावत एवं मनीन्दर जोशी तथा अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया।
==
10 जून को पंचायती राज मंत्री करेंगे सात ग्राम पंचायतों में ऑनलाइन जनसुनवाई

बीकानेर, 5 जून। पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर की अध्यक्षता में 10 जून को प्रदेश की चयनित ग्राम पंचायतों में ऑनलाइन माध्यम से विशेष जनसुनवाई आयोजित की जाएगी। इस संबंध में पंचायत राज विभाग द्वारा संबंधित जिलों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों निर्देश जारी किए गए हैं। पंचायती राज विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को जनसुनवाई के सफल आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां समय रहते पूर्ण करने तथा संबंधित पक्षों को इसकी सूचना देने के निर्देश दिए हैं।

जिला परिषद सीईओ श्रीमती शैलजा पांडे ने बताया कि 10 जून 2026 को दोपहर 12 बजे शासन सचिवालय स्थित मंत्री कार्यालय से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जनसुनवाई का आयोजन होगा। प्रदेश की सात ग्राम पंचायतों को इस विशेष जनसुनवाई के लिए चयनित किया गया है, जिनमें बीकानेर जिले की पंचायत समिति पांचू की ग्राम पंचायत पांचू भी शामिल है।

सीईओ जिला परिषद ने बताया कि जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान आमजन अपनी समस्याएं एवं सुझाव सीधे माननीय मंत्री के समक्ष रख सकेंगे। कार्यक्रम में संबंधित जिलों के मुख्य कार्यकारी अधिकारी, पंचायत समिति के विकास अधिकारी तथा संबंधित ग्राम पंचायतों के ग्राम विकास अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

उल्लेखनीय है कि इस विशेष ऑनलाइन जनसुनवाई का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना तथा शासन और आमजन के बीच संवाद को और अधिक प्रभावी बनाना है।
=====

बोर्ड का उद्देश्य कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके लिए बेहतर रोजगार के अवसर सुनिश्चित करना है— रामगोपाल सुथार,अध्यक्ष,श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड
बीकानेर/जयपुर 5 जून । श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड की तृतीय गवर्निंग बोर्ड  की बैठक शुक्रवार को बोर्ड कार्यालय जयपुर में बोर्ड अध्यक्ष श्री रामगोपाल सुथार की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में श्री सुथार ने कहा कि बोर्ड का उद्देश्य कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाना तथा उनके लिए बेहतर रोजगार के अवसर सुनिश्चित करना है।
 इस अवसर पर  ऋषभ मंडल, आयुक्त एवं प्रबंध निदेशक, कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग ने बोर्ड की गतिविधियों एवं योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया।
बैठक में युवाओं को अधिक से अधिक रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण उपलब्ध कराने, पारंपरिक कौशलों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने तथा स्वरोजगार के नए अवसर विकसित करने के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव एवं निर्णय लिए गए।
 कौशल विकास, रोजगार सृजन, स्वरोजगार प्रोत्साहन तथा विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करते हुए आगामी कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में कौशल, नियोजन एवं उद्यमिता विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव  संदीप वर्मा   सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इसके अतिरिक्त सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग, अल्पसंख्यक मामलात एवं वक्फ विभाग, उद्योग विभाग, जनजाति क्षेत्रीय विकास विभाग, तकनीकी शिक्षा विभाग, ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग, कृषि विभाग तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के प्रतिनिधि भी उपस्थित रहे।
 बैठक के उपरांत विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बोर्ड कार्यालय परिसर में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान बोर्ड अध्यक्ष  रामगोपाल सुथार सहित उपस्थित अधिकारियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित राजस्थान के निर्माण का संदेश दिया।  सुथार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है तथा वृक्षारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए सतत संकल्प है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया।
===================
ग्रीष्मकालीन शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी- केवलिया
राजस्थानी भाषा अकादमी की ओर से विद्यार्थियों को दी गई जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
बीकानेर, 5 जून। राजस्थानी भाषा, साहित्य एवं संस्कृति अकादमी की ओर से शुक्रवार को संत सांईनाथ पब्लिक स्कूल, श्रीरामसर रोड में आयोजित हो रहे ग्रीष्मकालीन शिविर के दौरान विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों को राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित बुकलेट्स वितरित की गईं।
       शिविर का अवलोकन करते हुए अकादमी सचिव शरद केवलिया ने कहा कि ग्रीष्मकालीन शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी हैं। अवकाश काल का सदुपयोग करने का यह एक उत्कृष्ट माध्यम है, इससे उनके शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ सामाजिक और संचार कौशल में भी वृद्धि होती है। शिविर विद्यार्थियों की निर्णय लेने की क्षमता को विकसित करने तथा स्क्रीन टाइम को कम करने में भी महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी स्वयं प्राप्त करने के साथ-साथ इन बुकलेट्स को अपने परिजनों, बड़े भाई-बहनों एवं परिचितों तक भी पहुँचाएं, ताकि अधिकाधिक लोग इन योजनाओं का लाभ उठा सकें।
      विद्यालय सचिव डॉ. नमामी शंकर आचार्य ने बताया कि शिविर में विद्यार्थियों को राजकीय डूंगर महाविद्यालय में राजस्थानी के सह आचार्य मूलचन्द सोनी व उनके द्वारा राजस्थानी भाषा में बोलने और लिखने के लिए निरंतर प्रोत्साहित किया जा रहा है। शिविर में मूलचन्द सोनी, योगेन्द्र पुरोहित, श्रीवल्लभ पुरोहित, अंशु शर्मा, मुकुन्द बोहरा, कपिल गुप्ता, जगदीश नारायण ओझा, नितेश पुरोहित, निर्मल पंडित, गुंजन गिरि द्वारा विद्यार्थियों को विभिन्न रचनात्मक एवं व्यावहारिक कौशलों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। अकादमी कार्मिक सुरेश व्यास ने विद्यार्थियों को राज्य सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। प्रधानाध्यापक भवानीशंकर आचार्य ने बताया कि विद्यार्थियों को योग, संगीत, चित्रकला, मेंहदी, नृत्य, पाग-पगड़ी, क्रिकेट, केश सज्जा, आर्ट एंड क्राफ्ट आदि का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस अवसर पर मनोज मोदी, प्रहलाद पुरोहित, सुनीता आचार्य, भास्कर आचार्य, भावना आचार्य, नितेश स्वामी आदि उपस्थित थे।
================

 

sesumo school
sjps