भिक्षु दर्शन प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन: तेरापंथ युवक परिषद, चेन्नई द्वारा गुरुदेव के सान्निध्य में विशेष कार्यक्रम
TYP, चेन्नई द्वारा भिक्षु दर्शन प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित

चेन्नई, 27 अक्टूबर । अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद के निर्देशन में तेरापंथ युवक परिषद, चेन्नई द्वारा परम पूज्य गुरुदेव आचार्यश्री महाश्रमणजी के सुशिष्य मुनिश्री डॉ. पुलकितकुमारजी, मुनिश्री नचिकेताजी एवं मुनिश्री आदित्यकुमारजी के पावन सान्निध्य में भिक्षु दर्शन प्रशिक्षण कार्यशाला का गरिमामय आयोजन किया गया।


कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण एवं विजय गीत के संगान से हुआ। इसके पश्चात तेयुप अध्यक्ष कोमल डागा ने उपस्थित संतों व श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए स्वागत वक्तव्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता CA महेंद्र कुमार दक का परिचय तेयुप उपाध्यक्ष मुकेश ए आच्छा ने दिया।



मुख्य वक्ता CA महेंद्र कुमारजी दक ने अपने वक्तव्य में स्वामी आचार्य भिक्षु के दिव्य जीवन, उनकी अडिग सिद्धांतनिष्ठा, तेरापंथ धर्मसंघ की ऐतिहासिक स्थापना एवं संघीय मर्यादाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित युवाओं एवं श्रावक-श्राविकाओं को आचार्य भिक्षु के उच्च आदर्शों व सिद्धांतों को अपने व्यावहारिक जीवन में उतारने की प्रेरणा दी।
समारोह का कुशल संचालन तेयुप मंत्री श्रीकांत चोरड़िया ने किया तथा सहमंत्री तरुण बैद ने सभी संतों, अतिथियों एवं संभागियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। कार्यशाला में परिषद के सम्मानित पदाधिकारियों, कार्यसमिति सदस्यों तथा बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाओं की उत्साही सहभागिता रही। यह आयोजन स्वामी आचार्य भिक्षु के सिद्धांतों एवं तेरापंथ धर्मसंघ की मर्यादाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक अत्यंत सार्थक प्रयास सिद्ध हुआ।

