स्व. जय प्रकाश जोशी की देह मेडिकल कॉलेज को समर्पित, रजनी कालरा ने लिया संकल्प
स्व. जय प्रकाश जोशी की देह मेडिकल कॉलेज को समर्पित, रजनी कालरा ने लिया संकल्प


बीकानेर,11 मई। सरदार पटेल आयुर्विज्ञान महाविद्यालय (SPMC), बीकानेर में देहदान के प्रति बढ़ती जागरूकता चिकित्सा शिक्षा और शोध के लिए एक नया संबल बनकर उभर रही है। प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में चल रहे जागरूकता अभियानों का असर अब धरातल पर दिखने लगा है, जहाँ आमजन मानवता की सेवा के लिए अंगदान और देहदान जैसे महान कार्यों के लिए आगे आ रहे हैं।


स्व. जय प्रकाश जोशी की देह का दान
मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय देते हुए रविवार को स्वर्गीय जय प्रकाश जोशी की पार्थिव देह उनकी पुत्री वर्षा शर्मा द्वारा मेडिकल कॉलेज के शरीर रचना (एनाटॉमी) विभाग को समर्पित की गई। इस अवसर पर अतिरिक्त प्रधानाचार्य डॉ. नॉरंग लाल महावर, डॉ. रेखा गहलोत और डॉ. जसकरण सिंह सहित कई वरिष्ठ चिकित्सकों ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। डॉ. महावर ने बताया कि देहदान भावी चिकित्सकों की आधारभूत दक्षता और शरीर रचना के गहन अध्ययन के लिए सर्वोपरि माध्यम है।


रजनी कालरा ने भरा देहदान संकल्प पत्र
इसी कड़ी में सोमवार को भारत विकास परिषद (मीरा शाखा) की पहल पर श्रीमती रजनी कालरा ने चिकित्सा शिक्षा एवं शोध हेतु अपनी देहदान करने का संकल्प लिया। उन्होंने सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूर्ण कर अपना संकल्प पत्र विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश मणि को सौंपा।
विभागाध्यक्ष डॉ. राकेश मणि ने इस पहल के लिए परिषद और डॉ. दीप्ति वहल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे संकल्पों से चिकित्सा विज्ञान को नई दिशा और शोध के बेहतर अवसर प्राप्त होते हैं। समारोह में डॉ. कविता पाहुजा, छवि गुप्ता और हेमा दाधीच सहित कई गणमान्य जन उपस्थित रहे।
मानवता की सर्वोच्च सेवा: प्राचार्य
प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार ने कहा कि देहदान केवल एक दान नहीं, बल्कि मानवता की सर्वोच्च सेवा का प्रतीक है। बीकानेर में देहदान अब एक जनआंदोलन का रूप ले रहा है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे इस महादान के प्रति जागरूक हों ताकि भावी चिकित्सकों को गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध हो सके और अनुसंधान कार्य सशक्त बने।


