महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह का आगाज रविवार से
महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह का आगाज रविवार से

- खेलकूद व प्रतियोगिताओं के साथ 10 अक्टूबर को निकलेगी भव्य शोभायात्रा
बीकानेर, 03 अक्टूबर । अग्रवाल समाज के प्रवर्तक भगवान श्री अग्रसेन जी की जयंती के उपलक्ष्य में बीकानेर में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शृंखला का आगाज रविवार, 4 अक्टूबर से होने जा रहा है। जयंती महोत्सव के तहत सप्ताह भर विविध आयोजन होंगे, जबकि 10 अक्टूबर को शहर में विशाल शोभायात्रा निकाली जाएगी।


खेलकूद व मनोरंजक प्रतियोगिताओं से होगी शुरुआत


अग्रवाल चेतना समिति के अध्यक्ष प्रमोद देवड़ा ने बताया कि समारोह का शुभारंभ रविवार को भगवान श्री अग्रसेन जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन व पूजन के साथ होगा। इस अवसर पर बच्चों के लिए जलेबी रेस, बैलेंसिंग गेम, बोरी रेस, म्यूजिकल गेम, उड़ता बैलून जैसी मनोरंजक खेलकूद प्रतियोगिताएं, प्रश्नोत्तरी एवं पोस्टर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
सुंदरकांड पाठ, परामर्श शिविर व प्रमुख कार्यक्रमों की रूपरेखा
5 अक्टूबर (सोमवार): समाज के प्रबुद्धजनों व आमजन के लिए निःशुल्क दंत परामर्श शिविर।
6 अक्टूबर (मंगलवार): श्रद्धापूर्वक वातावरण में सामूहिक सुंदरकांड पाठ का आयोजन।
10 अक्टूबर (शनिवार): समारोह का मुख्य आकर्षण भव्य शोभायात्रा रहेगी। शहर में अग्रवाल भवन, समता नगर एवं अग्रसेन भवन (गोगागेट) से तीन अलग-अलग शोभायात्राएं निकलेंगी, जिनका शाम 7 बजे महाराजा अग्रसेन सर्किल पर ऐतिहासिक त्रिवेणी संगम होगा। तत्पश्चात भगवान अग्रसेन की महाआरती की जाएगी।
11 अक्टूबर (रविवार – मुख्य जयंती दिवस): प्रातः 8:30 बजे अग्रसेन सर्किल पर पूजा-अर्चना व प्रसाद वितरण होगा। इसके बाद प्रातः 9:00 बजे अग्रवाल भवन (व्यास कॉलोनी) में ध्वजारोहण, पूजन एवं प्रसाद वितरण का कार्यक्रम रखा गया है।
समिति अध्यक्ष प्रमोद देवड़ा ने बताया कि सभी व्यवस्थाओं हेतु अलग-अलग प्रभारियों की नियुक्तियां की जा चुकी हैं। उन्होंने अग्रवाल समाज के सभी परिवारों से शत-प्रतिशत भागीदारी निभाकर आयोजनों को भव्य बनाने का आह्वान किया है।
