4 से 10 अक्टूबर तक मनाया जाएगा विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह
4 से 10 अक्टूबर तक मनाया जाएगा विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह

- जागरूकता ई-रिक्शा रैली को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
बीकानेर, 03 अक्टूबर । मनोरोग व नशा मुक्ति विभाग, पीबीएम अस्पताल तथा राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम (बीकानेर इकाई) के संयुक्त तत्वावधान में मानसिक स्वास्थ्य माह के अंतर्गत 4 से 10 अक्टूबर तक विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति संवेदनशीलता व जागरूकता बढ़ाना, मानसिक रोगों से जुड़ी सामाजिक भ्रांतियों व भयों को दूर करना तथा जरूरतमंदों को समय पर चिकित्सकीय परामर्श के लिए प्रेरित करना है।


जन जागरूकता ई-रिक्शा रैली से हुआ अभियान का आगाज


अभियान की पूर्व संध्या पर 3 अक्टूबर को शहर में एक जन जागरूकता ई-रिक्शा रैली निकाली गई। सरदार पटेल (एस.पी.) मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार, पीबीएम अस्पताल अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया तथा मनोरोग विभागाध्यक्ष डॉ. श्रीगोपाल गोयल ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर इस रैली को रवाना किया।
कोचिंग संस्थानों, स्कूलों व स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित होंगी गतिविधियां
मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के तहत बीकानेर शहर के विभिन्न प्रमुख स्थलों जैसे शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (आयुष्मान आरोग्य मंदिर), पीबीएम अस्पताल परिसर, विभिन्न कोचिंग सेंटर्स, स्कूलों तथा सार्वजनिक मार्गों पर सप्ताह भर विविध गतिविधियां संचालित की जाएंगी।
पोस्टर-बैनर व माइकिंग से दी जाएगी हेल्पलाइनों की जानकारी
अभियान के दौरान प्रचार सामग्री (पोस्टर, बैनर, पैम्पलेट) तथा माइकिंग के माध्यम से आमजन को मानसिक रोगों के बचाव, उपचार एवं नशा मुक्ति के उपायों से अवगत कराया जाएगा। इसके साथ ही भारत सरकार व राज्य सरकार की प्रमुख सेवाओं—जैसे ‘मनदर्पण हेल्पलाइन’, ‘राज ममता’ तथा ‘टेली-मानस (Tele-MANAS) हेल्पलाइन’ के बारे में विस्तृत जानकारी दी जाएगी।
आयोजकों ने संदेश दिया है कि मानसिक स्वास्थ्य भी शारीरिक स्वास्थ्य जितना ही महत्वपूर्ण है। किसी भी प्रकार का मानसिक तनाव या अवसाद होने पर बिना झिझक मनोचिकित्सक से संपर्क कर समय पर उपचार लेना बेहद आवश्यक है।
