बीकानेर के सरकारी समाचार
बीकानेर के सरकारी समाचार

- कृषि आत्मा योजनांतर्गत कृषक पुरस्कार हेतु प्रस्ताव आमंत्रित
- ब्लाॅक स्तर पर 10 हजार, जिला स्तर पर 25 हजार व राज्य स्तर पर 50 हजार की पुरस्कार राशि चयनित किसानों को दी जाएगी
बीकानेर, 2 अक्टूबर। कृषि उन्नति योजना के कृषि विस्तार पर उपमिशन ‘आत्मा’ के अंतर्गत वर्ष 2026-27 में राज्य, जिला तथा पंचायत समिति स्तर पर विभिन्न कृषि उद्यमों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए पात्र कृषकों से आवेदन एवं नामांकन प्रस्ताव आमंत्रित किए जाते हैं।


परियोजना निदेशक कृषि ‘आत्मा’ बनवारी लाल डाबला ने बताया कि प्रत्येक पंचायत समिति स्तर पर कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन-डेयरी एवं मत्स्य पालन, जैविक खेती तथा नवाचारी खेती एवं कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन जैसे पांच क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक-एक कृषक का चयन किया जाएगा। इस प्रकार प्रत्येक पंचायत समिति से कुल पांच कृषकों का चयन होगा।


पंचायत समिति स्तर पर चयनित कृषकों में से प्रत्येक गतिविधि के दो-दो सर्वश्रेष्ठ कृषकों सहित कुल 10 कृषकों का चयन जिला स्तर पर किया जाएगा। इसके बाद प्रदेश के सभी जिलों से चयनित कृषकों में से राज्य स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी में पांच-पांच, कुल 10 सर्वश्रेष्ठ कृषकों को सम्मानित किया जाएगा।
उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि पंचायत समिति स्तर पर प्रत्येक चयनित कृषक को 10 हजार रुपये, जिला स्तर पर 25 हजार रुपये तथा राज्य स्तर पर 50 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुरस्कार के लिए निर्धारित मापदंडों की पूर्ति आवश्यक है। आत्मा योजना के अंतर्गत पूर्व वर्षों में पुरस्कृत कृषकों का पुनः चयन नहीं किया जाएगा।
सम्मानित किए जाने वाले कृषकों का चयन जिला कलक्टर की अध्यक्षता में गठित आत्मा शासी परिषद द्वारा किया जाएगा।
योग्य कृषकों के नाम स्वयं कृषक, निर्वाचित जनप्रतिनिधि अथवा कोई संस्था एवं व्यक्ति प्रस्तावित कर सकते हैं। प्रस्ताव के साथ कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट कार्यों का विवरण तथा 5 से 7 फोटोग्राफ संलग्न करना आवश्यक होगा।
चयन प्रक्रिया में उन कृषकों को प्राथमिकता दी जाएगी जो कृषि विभाग द्वारा निर्धारित 21 मूल मंत्रों की पालना करते हुए प्रमाणित बीजों का उपयोग, बीज उपचार, कृषि यंत्रीकरण, विभागीय पैकेज ऑफ प्रैक्टिसेज तथा हाईटेक कृषि तकनीकों को अपनाकर गुणवत्तापूर्ण उत्पादन कर रहे हों।
उद्यानिकी क्षेत्र में हाईटेक उद्यानिकी, माइक्रो इरिगेशन, फलोद्यान स्थापना, सब्जी उत्पादन तथा फसलोत्तर प्रबंधन अपनाने वाले कृषकों को वरीयता मिलेगी।
पशुपालन, डेयरी एवं मत्स्य पालन क्षेत्र में उन्नत नस्ल के पशु, नियमित टीकाकरण, संतुलित आहार, कृत्रिम गर्भाधान, अधिक दुग्ध उत्पादन तथा उत्कृष्ट मत्स्य पालन करने वाले कृषकों को प्राथमिकता दी जाएगी।
जैविक खेती श्रेणी में कम्पोस्ट निर्माण, बीजामृत, वर्मीवॉश, जैविक उत्पाद निर्माण एवं विपणन जैसे कार्यों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले कृषकों को वरीयता दी जाएगी। वहीं नवाचारी खेती एवं प्रसंस्करण श्रेणी में मशरूम उत्पादन, मधुमक्खी पालन, अजोला उत्पादन तथा कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन से जुड़े नवाचारों को विशेष महत्व दिया जाएगा।
योजना के अंतर्गत पुरस्कार हेतु आवेदन पत्र एवं नामांकन प्रस्ताव 30 नवम्बर तक आमंत्रित किए जाते हैं। संबंधित सहायक कृषि अधिकारी के माध्यम से प्रस्ताव उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक ‘आत्मा’, कृषि भवन बीकानेर कार्यालय में भिजवाए जा सकते हैं।
किसान विस्तृत जानकारी के लिए अपने निकटतम कृषि कार्यालय, कृषि पर्यवेक्षक अथवा सहायक कृषि अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
====
नारी शक्ति सम्मेलन एवं संवाद 2026
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में जयपुर में हो रहा रवींद्र रंगमंच पर हो रहा सीधा प्रसारण
बीकानेर पूर्व विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी, बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास, संभागीय आयुक्त विश्राम मीना, उप महापौर पंकज गहलोत, नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे, अतिरिक्त जिला कलेक्टर प्रशासन उम्मेद सिंह रतनू, श्याम पंचारिया, श्रीमती सुमन छाजेड़, पार्षद सुरेंद्र सिंह शेखावत, राजीविका के डीपीएम संत कुमार मीणा सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी और मातृ शक्ति मौजूद।
====
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मुख्य आतिथ्य में जयपुर में आयोजित हुआ नारी शक्ति सम्मेलन एवं संवाद-2026
रवींद्र रंगमंच पर हुआ जिला स्तरीय कार्यक्रम, विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी और श्री जेठानंद व्यास रहे मौजूद
बीकानेर, 3 अक्टूबर। राजस्थान ग्रामीण आजीविका विकास परिषद द्वारा नारी शक्ति सम्मेलन एवं संवाद-2026 का आयोजन शनिवार को मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के मुख्य अतिथि में जयपुर में हुआ।
इसका जिला स्तरीय कार्यक्रम तथा सीधा प्रसारण रवींद्र रंगमंच पर किया गया।
कार्यक्रम में बीकानेर पूर्व विधानसभा विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी ने कहा कि सशक्त और आत्मनिर्भर महिलाएं सशक्त समाज का निर्माण करती हैं। हमारी मातृशक्ति आगे बढ़ेगी तो समाज आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए सतत और सार्थक प्रयास किया जा रहे हैं।
बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र विधायक श्री जेठानंद व्यास ने कहा कि विकसित भारत और विकसित राजस्थान में महिलाओं की भूमिका भी महत्वपूर्ण होगी। इसे ध्यान रखते हुए केंद्र और राज्य सरकार महिलाओं को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने बीकानेर को नशा मुक्त बनाने का संकल्प दोहराया और कहा कि प्रशासन और कानून के साथ समाज की भूमिका महत्वपूर्ण है।
इस दौरान श्याम पंचारिया तथा श्रीमती सुमन छाजेड़ ने भी महिला सशक्तिकरण को आज की आवश्यकता बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की महिलाओं से जुड़ी योजनाओं को प्रचारित किया जाए तथा इनका लाभ प्रत्येक पात्र महिला को दिलाया जाए। इस दौरान विभिन्न स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने अपने विचार साझा किया तथा अपने अनुभवों के बारे में बताया।
इससे पहले जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे ने स्वागत उद्बोधनदिया। उन्होंने जिले में महिला सशक्तिकरण से जुड़े कार्यों की जानकारीदी। कार्यक्रम का संचालन जिला परिषद के आईईसी कोऑर्डिनेटर श्री गोपाल जोशी ने किया। राजीविका के जिला परियोजना प्रबंधक श्री संत कुमार मीणा ने आभार जताया।
कार्यक्रम में संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रीमती शैलजा पांडे, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (प्रशासन) उम्मेद सिंह रतनू, उपखंड अधिकारी सुश्री महिमा कसाना, प्रशिक्षु आईएएस सुश्री स्वाति शर्मा, उप महापौर पंकज गहलोत, पार्षद सुरेंद्र सिंह शेखावत, भगवती प्रसाद गौड़, राजा भाटी, शंकर तंवर, दीपक व्यास, हिमांशु शर्मा, राजीविका के जिला प्रबंधक मणिशंकर हर्ष, दिलीप सिंह आडसर सहित विभिन्न पार्षद एवं अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और महिलाएं बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
ऑटो टिपर्स को हरी झंडी दिखा किया रवाना, एसएचजी को दिए ऋण के चैक
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने जयपुर से लगभग 89 करोड़ रुपए लागत के 185 ऑटो टिपर को घर-घर कचरा संग्रहण के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इनमें बीकानेर नगर निगम के टिपर्स भी शामिल थे। वहीं बीकानेर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विधायक सुश्री सिद्धि कुमारी और श्री जेठानंद व्यास ने महिला निधि बैंक के माध्यम से महिला स्वयं सहायता समूह को लिए लगभग 43 लाख रुपए के ऋण का चैक वितरित किया तथा एक स्थानीय स्वयं सहायता समूह द्वारा बनाए जाने वाले देशी घी के बैनर का विमोचन किया। कार्यक्रम के पश्चात विधायक श्री जेठानंद व्यास और संभागीय आयुक्त श्री विश्राम मीना सहित सभी अतिथियों ने बीकानेर नगर निगम क्षेत्र में घर-घर कचरा संग्रहण के लिए ऑटो टिपर्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
===
अपराधी सुधार दिवस पर बंदियों को अच्छे आचरण एवं समाज की मुख्यधारा से जुड़ने का संदेश
समाज कल्याण सप्ताह के तीसरे दिन केंद्रीय कारागृह में आयोजित हुआ कार्यक्रम
बीकानेर, 3 अक्टूबर। समाज कल्याण सप्ताह के तहत तीसरे दिवस को अपराधी सुधार दिवस के रूप में केंद्रीय कारागृह में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में अधीक्षक केंद्रीय कारागृह श्री नरेन्द्र शर्मा, जेलर श्री रामेश्वर लाल, संयुक्त निदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग श्री मनोज कुमार गहलोत, सहायक प्रशासनिक अधिकारी श्री रामकुमार खड़गावत सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में बंदियों को अच्छे आचरण के साथ समाज की मुख्यधारा से जुड़ने तथा अपराधी प्रवृत्ति को छोड़कर सद् आचरण अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। समाज कल्याण विभाग द्वारा समाज के विभिन्न वर्गों एवं पीड़ित बंदियों की पैरोल के संबंध में विभाग की ओर से की जा रही कार्यवाही की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर बंदियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। एक बंदी भाई द्वारा गीता के दूसरे अध्याय का अनुकरण कर सदाचरण करने पर बल दिया गया।
संयुक्त निदेशक श्री मनोज कुमार गहलोत ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना, पालनहार योजना एवं पैरोल के विषय में बंदियों को जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि जेल का शांत वातावरण बंदियों के सहयोग से संभव हो सकता है। उन्होंने स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बंदियों को अच्छे स्वास्थ्य के लिए खेल सामग्री उपलब्ध करवाने की बात कही।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से बंदियों को वॉलीबॉल नेट एवं वॉलीबॉल भेंट की गई। साथ ही बंदियों को नशामुक्त भारत अभियान की संक्षिप्त जानकारी प्रदान करते हुए बीकानेर जिले एवं संपूर्ण भारत को नशामुक्त बनाने के लिए नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई।
===
वन्यजीव सप्ताह-2026 के तहत वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन
‘मानव विकास एवं वन्यजीव संरक्षण’ विषय पर विद्यार्थियों ने रखे पक्ष-विपक्ष में तर्क
बीकानेर, 3 अक्टूबर। वन विभाग की ओर से वन्यजीव सप्ताह-2026 के तहत आयोजित विभिन्न विद्यालय स्तरीय प्रतियोगिताओं की श्रृंखला में शनिवार को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय,पवनपुरी दक्षिण विस्तार में ‘मानव विकास एवं वन्यजीव संरक्षण’ विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता आयोजित की गई।
प्रतियोगिता में शहर के सरकारी एवं गैर-सरकारी 10 विद्यालयों के लगभग 48 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों ने विषय के पक्ष एवं विपक्ष में अपने तर्कपूर्ण विचार प्रस्तुत करते हुए मानव विकास और वन्यजीव संरक्षण के बीच संतुलन, पर्यावरण संरक्षण तथा जैव विविधता के महत्व पर विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना एवं माल्यार्पण के साथ हुआ। विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती किरण पंचारिया एवं उपाचार्य श्रीमती रचना गुप्ता के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक वन संरक्षक श्री कमल चन्द ने की। कार्यक्रम में प्राचार्य श्री संदीप जैन एवं वार्ड पार्षद श्री पुनीत शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संयोजन श्री वनीष मेहता द्वारा किया गया तथा मंच संचालन श्रीमती मुक्ता तैलंग ने किया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में श्रीमती नीलम, श्रीमती विभा महर्षि एवं रेंज ऑफिसर श्रीमती सरोज ने निर्णायक की भूमिका निभाई। कार्यक्रम के सफल आयोजन में श्रीमती वसंत पांडे एवं श्री रामकुमार कासनिया का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
जोड़बीड़ कंजरवेशन रिजर्व में विद्यार्थियों की नेचर विजिट डीएफओ वाइल्डलाइफ श्री तरुण मेहरा ने बताया कि वाद-विवाद प्रतियोगिता के पश्चात विद्यार्थियों को जोड़बीड़ कंजरवेशन रिजर्व की शैक्षणिक एवं प्रकृति भ्रमण यात्रा करवाई गई। इस दौरान विद्यार्थियों को थार मरुस्थलीय पारिस्थितिकी तंत्र, स्थानीय जैव विविधता, वनस्पतियों एवं वन्यजीवों के बारे में जानकारी दी गई तथा प्राकृतिक आवास एवं वन्यजीव संरक्षण के महत्व से अवगत करवाया गया।
पब्लिक पार्क चौपाटी में वन्यजीव फोटोग्राफी प्रदर्शनी
वन्यजीव सप्ताह के अंतर्गत पब्लिक पार्क चौपाटी में आयोजित वन्यजीव फोटोग्राफी प्रदर्शनी भी आमजन के लिए प्रातः 10 बजे से सायं 6 बजे तक खुली रही। प्रदर्शनी में वन्यजीव एवं प्रकृति से संबंधित छायाचित्र प्रदर्शित किए गए, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में नागरिक एवं विद्यार्थी पहुंचे।
डीएफओ वाइल्डलाइफ श्री तरुण मेहरा ने बताया कि वन्यजीव सप्ताह के दौरान आयोजित इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आमजन को वन्यजीव, प्रकृति एवं जैव विविधता के संरक्षण से जोड़ना तथा उनमें पर्यावरण के प्रति जागरूकता एवं संवेदनशीलता विकसित करना है।
प्रतियोगिता में विजेता विद्यार्थियों को वन्यजीव सप्ताह के समापन समारोह के अवसर पर पुरस्कृत एवं सम्मानित किया जाएगा।
====
रविवार को आएंगे केंद्रीय मंत्री मेघवाल
बीकानेर, 3 अक्टूबर। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्री श्री अर्जुन राम मेघवाल नई दिल्ली से शनिवार रात 11.35 बजे रेलमार्ग से प्रस्थान कर रविवार प्रातः 7.20 बजे बीकानेर पहुंचेंगे। श्री मेघवाल यहां विभिन्न स्थानीय कार्यक्रमों और बैठकों में भाग लेंगे।
====
विशेष रबी गुण नियंत्रण अभियान
कृषि आदान विक्रेता परिसरों का किया औचक निरीक्षण व आनलाईन नमूने किए आहरित
एक बैग डीएपी की जगह तीन बैग एसएसपी और एक बैग यूरिया उपयोग की सलाह
बीकानेर, 3 अक्टूबर। कृषि गुण नियंत्रण विशेष रबी अभियान के तहत उद्यान विभाग के कृषि आदान निरीक्षक सहायक निदेशक (उद्यान) श्री मुकेश गहलोत ने सहयोगी उद्यानिकी अधिकारी रमेश भाम्भू के साथ बीकानेर क्षेत्र में 4 कृषि आदान विक्रेता परिसरों का औचक निरीक्षण किया व 2 एसएसपी उर्वरक के नमूने आनलाईन राज एग्री क्यूसी ऐप के माध्यम से आहरित किए।
उद्यान विभाग के सहायक निदेशक गहलोत ने बताया कि कृषि विभाग की ओर से जिले में कृषकों को उच्च गुणवत्ता युक्त कृषि आदान उचित मूल्य पर मिले यह प्रयास किया जा रहा है।
आगामी रबी फसलों की बुवाई के मध्यनजर उर्वरक की बढ़ती मांग के मध्यनजर किसानों को डीएपी के विकल्प के तौर पर सिंगल सुपर फास्फेट (एसएसपी) और यूरिया के उपयोग की सलाह दी। एक बैग डीएपी के स्थान पर 3 बैग एसएसपी और 1 बैग यूरिया का उपयोग किया जा सकता है। इससे उपलब्ध पोषक तत्वों की लागत डीएपी की तुलना में कम होती है।
गहलोत ने बताया कि कृषि आदान बीज, उर्वरक व कीटनाशी प्रावधानों में उल्लेखित नियमानुसार ही कार्य करते हुए आपूर्तिकर्ता किसानों को कृषि आदानो की गुणवत्ता पूर्वक आपूर्ति सुनिश्चित करें इसके पूर्ण प्रयास किये जा रहे हैं। कृषि आदान विक्रेता जारी वैध लाइसेंस अनुसार ही कृषि आदानों की बिक्री वैधानिक तरीके से सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान प्रगतिशील किसानों से भी संवाद कर जैविक खेती/प्राकृतिक खेती, उर्वरको का विवेकपूर्ण उपयोग हेतु प्रोत्साहित किया गया। वैज्ञानिक सिफारिश अनुसार संतुलित उर्वरकों के उपयोग हेतु किसानों को सलाह दी। उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग को कम करने हेतु वैकल्पिक उर्वरक उपयोग / जैव उर्वरक के उपयोग को बढावा देने हेतु कृषकों/ विक्रेताओं को प्रोत्साहित किया गया।
====
बुनियादी साक्षरता मूल्याकंन परीक्षा रविवार को, 73 हजार नवसाक्षरों के परीक्षा में शामिल करने का लक्ष्य
बीकानेर, 3 अक्टूबर। नेशनल ओपन स्कूल के तत्वावधान में राष्ट्रीय साक्षरता मिशन प्राधिकरण, नई दिल्ली तथा जिला साक्षरता एवं सतत शिक्षा कार्यालय के तत्वावधान में नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत रविवार को बुनियादी साक्षरता मूल्याकंन परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है।
नवसाक्षरों की इस मूल्याकंन परीक्षा में बीकानेर जिले के लगभग 73 हजार नवसाक्षरों के परीक्षा में शामिल होने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
जिला साक्षरता एवं सतत शिक्षा अधिकारी सुमेर सिंह ने बताया कि 4 अक्टूबर को आयोजित होने वाली बेसिक साक्षरता मूल्याकंन परीक्षा हेतु बीकानेर जिले की सभी 9 पंचायत समितियों में निर्धारित लक्ष्यों के अनुसार प्रश्न उत्तर पुस्तिकाओं को परीक्षा केन्द्रों पर वितरित ब्लॉक स्तर पर कर दिया गया है। बुनियादी साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा के अवलोकन हेतु साक्षरता एवं सतत शिक्षा निदेशालय जयपुर से बीकानेर संभाग प्रभारी अधिकारी मुन्नालाल टोडीवाल परीक्षा ने जानकारी दी कि रविवार को आयोजित परीक्षा में युवा एवं वृद्ध नवसाक्षर महिला-पुरूष सम्मिलित होकर बुनियादी साक्षरता परीक्षा देंगे।
सुमेर सिंह ने बताया कि जिला कलक्टर एवं अध्यक्ष जिला निष्पादक समिति द्वारा जिला स्तर पर स्थापित नियंत्रण कक्ष का नोडल अधिकारी मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अरुण शर्मा तथा सहायक नोडल जिला साक्षरता अधिकारी श्री सुमेर सिंह होंगे। परीक्षा के दिन यह नियंत्रण कक्ष प्रातः 9 बजे से सांय 6 बजे तक खुला रहेगा।
साक्षरता कार्यालय के सहायक परियोजना अधिकारी श्री प्रदीप सिंह ने जानकारी दी की इस परीक्षा द्वारा नवसाक्षरों को साक्षर करके स्वरोजगार से जोड़ा जाएगा। उन्होंने बताया कि बेसिक साक्षरता मूल्याकंन परीक्षा हेतु नवसाक्षरों में गजब का उत्साह देखा गया है और वे इस परीक्षा में उत्तीर्ण होकर प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिये निरन्तर तैयारियां भी कर रहे हैं।
====
राज्यस्तरीय हैण्डबाल प्रतियोगिता में सादुल स्पोर्ट्स स्कूल बीकानेर की टीम ने जीता रजत पदक
17 वर्ष छात्र वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए टीम ने हासिल किया द्वितीय स्थान
बीकानेर, 3 अक्टूबर। 70वीं राज्यस्तरीय 17 /19 वर्ष छात्र हैण्डबाल प्रतियोगिता का आयोजन स्वामी केशवानन्द शिक्षण संस्थान, सीकर में 28 सितंबर से 4 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता में सादुल स्पोर्ट्स स्कूल, बीकानेर की 17 वर्ष छात्र हैण्डबाल टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया।
विद्यालय के खेल सहायक श्री प्रकाश सारस्वत ने बताया कि सादुल स्पोर्ट्स स्कूल की 17 वर्ष छात्र टीम ने लीग एवं सुपर लीग मुकाबलों में लगातार प्रभावशाली प्रदर्शन किया। टीम ने सेमीफाइनल मुकाबले में चित्तौड़गढ़ की टीम को 29-19 गोल से पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया।
प्रशिक्षक श्री राकेश कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता के सायंकालीन सत्र में फाइनल मुकाबला सीकर एवं सादुल स्पोर्ट्स स्कूल, बीकानेर की टीम के मध्य खेला गया। रोमांचक मुकाबले में सादुल स्पोर्ट्स स्कूल की टीम ने द्वितीय स्थान प्राप्त करते हुए रजत पदक हासिल किया।
टीम की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री विक्रम सिंह ने प्रशिक्षक राकेश कुमार, खेल सहायक प्रकाश सारस्वत तथा पूरी हैण्डबाल टीम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
