पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया का बीकानेर आगमन पर बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल ने किया अभिनंदन
पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया का बीकानेर आगमन पर बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल ने किया अभिनंदन



बीकानेर, 27 सितंबर। पंजाब के माननीय राज्यपाल एवं राजस्थान के पूर्व गृह मंत्री गुलाबचंद कटारिया के बीकानेर आगमन पर बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल द्वारा उनका भव्य अभिनंदन व सम्मान किया गया। अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन द्वारा आयोजित चिकित्सक एवं चिकित्सा सेवा सम्मान समारोह के दौरान व्यापार उद्योग मंडल की ओर से कटारिया को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर श्रीडूंगरगढ़ विधायक ताराचंद सारस्वत भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


समारोह को संबोधित करते हुए राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया ने कहा कि दूसरों के लिए जीने वाला व्यक्ति ही सही मायने में सच्चा इंसान है। उन्होंने राजस्थान के गौरवशाली इतिहास को रेखांकित करते हुए कहा कि प्रदेश के लोगों ने न केवल देश में, बल्कि विदेशों में भी अपनी मेहनत, प्रतिभा और समर्पण के बल पर भारत का नाम रोशन किया है। अपने जीवन दर्शन को साझा करते हुए उन्होंने अनुशासन को सफलता का मूलमंत्र बताया। साथ ही, समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश देते हुए उन्होंने बीकानेर को भी पूर्णतः नशामुक्त शहर बनाने का आह्वान किया, ताकि युवा पीढ़ी सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ सके।


कार्यक्रम के दौरान बीकानेर व्यापार उद्योग मंडल के सचिव संजय जैन सांड, उपाध्यक्ष कमल बोथरा, प्रचार मंत्री सुशील यादव, विनोद बाफना, विनोद गोयल, सुभाष मित्तल, शांतिलाल कोचर, प्रेम खंडेलवाल, संदीप बुढ़ानिया, किशन लोहिया, विजय बाफना, विनोद भोजक सहित कई प्रतिनिधि उपस्थित रहे। मंडल पदाधिकारियों ने राज्यपाल का स्वागत करते हुए इसे शहर के व्यापारिक व औद्योगिक जगत के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर करार दिया और उनका आभार व्यक्त किया।
