तेरापंथ महिला मंडल मदुरै की सेलम एवं ईरोड में साध्वीश्री जी के दर्शन-वंदन एवं मंगल उद्बोधन यात्रा संपन्न
तेरापंथ महिला मंडल मदुरै की सेलम एवं ईरोड में साध्वीश्री जी के दर्शन-वंदन एवं मंगल उद्बोधन यात्रा संपन्न


मदुरै, 11 अगस्त । तेरापंथ महिला मंडल, मदुरै के तत्वावधान में 14 सदस्यीय महिला मंडल की बहनों ने सेलम एवं ईरोड की पावन आध्यात्मिक यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न की। यात्रा का मुख्य उद्देश्य चातुर्मास हेतु विराजित साध्वीश्री जी के दर्शन-वंदन, मंगल पाठ एवं आध्यात्मिक मार्गदर्शन का लाभ प्राप्त करना रहा।


सेलम में साध्वीश्री संयमलता जी का मिला सानिध्य
सर्वप्रथम मंडल की बहनों ने सेलम पहुंचकर साध्वीश्री संयमलता जी ठाणा-4 के दर्शन-वंदन किए और उनके ओजस्वी व्याख्यान व मंगल उद्बोधन का लाभ उठाया। इस अवसर पर बहनों ने सुमधुर गीतिका के माध्यम से अपने भक्तिभाव अभिव्यक्त किए।


साध्वीश्री जी ने चातुर्मास के दौरान अधिक से अधिक धर्म-आराधना, तप एवं साधना का पाथेय प्रदान करते हुए आयंबिल, एकासन एवं बारी के उपवास जैसे तप-अनुष्ठानों को अपनाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने जैन तत्वज्ञान एवं संघ द्वारा संचालित विभिन्न शैक्षणिक पाठ्यक्रमों से जुड़कर ज्ञानवृद्धि करने की प्रेरणा दी।
ईरोड में साध्वीश्री सौम्ययशा जी से लिया आशीर्वाद
सेलम के पश्चात महिला मंडल की बहनें ईरोड पहुंचीं, जहां उन्होंने साध्वीश्री सौम्ययशा जी ठाणा-3 के दर्शन-वंदन कर मंगल उद्बोधन प्राप्त किया। साध्वीश्री जी ने सभी को परम पूज्य गुरुदेव आचार्यश्री महाश्रमणजी के दर्शन करने तथा निरंतर धर्म-ध्यान, जप व तप में लीन रहने के लिए प्रेरित किया।
दोनों स्थानों पर साध्वीवृंद से मंगल पाठ एवं अमूल्य मार्गदर्शन प्राप्त कर 14 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल अत्यंत हर्ष, उल्लास एवं नई ऊर्जा के साथ मदुरै वापस लौटा। तेरापंथ महिला मंडल मदुरै की अध्यक्षा श्रीमती दीपिका फुलफगर ने बताया कि इस यात्रा से बहनों में धर्म, साधना और आध्यात्मिक चेतना के प्रति उत्साह और अधिक प्रगाढ़ हुआ है।

